बदायूं: ट्रैक्टरों की रेस बनी मौत का कारण, 6 महिलाओं की दर्दनाक मौत

बदायूं के उझानी कोतवाली क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। कछला और उझानी के बीच भूलपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार दो ट्रैक्टरों की कथित रेस के दौरान ई-रिक्शा को टक्कर लग गई, जिसमें छह महिलाओं की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। डीएम और एसएसपी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों को कब्जे में ले लिया है, जबकि उनके फरार चालकों की तलाश जारी है।
तेज रफ्तार रेस बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हाईवे पर दो ट्रैक्टर चालक कथित तौर पर आपस में रेस लगा रहे थे। इसी दौरान अनियंत्रित वाहनों ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां छह महिलाओं को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों में राजकुमारी (55), गंगा श्री (32), रेवती (80), प्रेम देवी (45), नारायणी देवी (32) सहित एक अन्य महिला शामिल हैं, सभी कछला और आसपास के क्षेत्र की निवासी बताई गई हैं।
शादी की तैयारियों के बीच मातम
जानकारी के अनुसार, सभी महिलाएं एक पारिवारिक शादी की रस्म ‘भात’ मांगने के लिए पास के गांव जा रही थीं। कछला निवासी एक परिवार में 29 जून को शादी होनी थी, लेकिन इस हादसे ने शादी की खुशियों को गहरे शोक में बदल दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.