छत्तीसगढ़ की लड़कियों को दिया नौकरी का झांसा, 35 युवतियां झारखंड में फंसी

कांकेर/झारखंड। छत्तीसगढ़ की युवतियों को नौकरी का झांसा देकर झारखंड ले जाकर बंधक बनाए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार कांकेर सहित विभिन्न जिलों की करीब 35 युवतियां झारखंड के गढ़वा जिले में फंसी हुई हैं, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गई है।
बताया जा रहा है कि इन युवतियों को बेहतर रोजगार का लालच देकर झारखंड बुलाया गया था, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उनसे जबरन काम करवाया जा रहा है और उन्हें बाहर जाने की अनुमति भी नहीं दी जा रही।
मामला तब उजागर हुआ जब एक युवती ने अपने गांव के परिचित युवक को मोबाइल संदेश भेजकर मदद मांगी। उसने अपने संदेश में बताया कि कई लड़कियां वहां फंसी हुई हैं और उनकी स्थिति बंधक जैसी है। इसके बाद परिजनों ने तत्काल प्रशासन से हस्तक्षेप कर सभी युवतियों को सुरक्षित वापस लाने की मांग की।
सूचना मिलते ही कांकेर जिला प्रशासन ने झारखंड के गढ़वा प्रशासन से संपर्क किया और संयुक्त रूप से जांच एवं खोजबीन शुरू की गई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि युवतियों को वहां किसके माध्यम से भेजा गया और क्या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है।
कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि युवतियों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रशासनिक टीम लगातार काम कर रही है। वहीं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी पुष्टि की है कि मामले में जरूरी कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में चिंता का माहौल है। परिजनों का कहना है कि बेटियों को नौकरी का सपना दिखाकर बाहर भेजा गया था, लेकिन अब उनसे संपर्क भी बेहद सीमित हो गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.