कोरिया: महिला से कथित अमानवीय व्यवहार के आरोप में पति गिरफ्तार

अंबिकापुर/कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में एक महिला के साथ कथित रूप से अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। पटना थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सूरजपुर जिले के रुनियाडीह गांव निवासी जितेंद्र सारथी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में घटना से जुड़ा वीडियो सामने आने और जांच में गंभीर आरोपों की पुष्टि होने के बाद मामले में अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गईं। पुलिस का कहना है कि संशोधित धाराओं के तहत दोष सिद्ध होने पर कठोर सजा का प्रावधान है।
थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि पीड़िता की शिकायत मिलने के तुरंत बाद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान घटना से संबंधित एक वीडियो पुलिस के हाथ लगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की गई। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने कथित रूप से अपने कृत्य को स्वीकार किया। घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, दंपती ने करीब दो दशक पहले प्रेम विवाह किया था और उनके चार बच्चे हैं। बीते कुछ समय से दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि 14 जून को आरोपी बच्चों के साथ उस स्थान पर पहुंचा, जहां वह मौजूद थी, और उसके साथ मारपीट तथा अपमानजनक व्यवहार किया।
महिला का आरोप है कि उसके साथ सार्वजनिक रूप से दुर्व्यवहार किया गया, उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया तथा पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, जिसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी की गई।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.