छत्तीसगढ़: जांजगीर-चांपा में ट्रक और स्कॉर्पियो की टक्कर, 5 लोगों की मौत

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में नेशनल हाईवे-49 पर देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। नवागढ़ से बारात से लौट रही स्कार्पियो और तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने टक्कर में स्कार्पियो सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्कार्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन के परखच्चे उड़ गए, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
जानकारी के अनुसार, नवागढ़ के आठ लोग पंतोरा गांव में आयोजित बारात में शामिल हुए थे। लौटते समय सुकली गांव के पास एनएच-49 पर ट्रक से टक्कर हो गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा एम्बुलेंस को सूचना दी।
टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई। हादसे में दो सेना के जवान भी शामिल थे, जिनमें से एक की हाल ही में शादी हुई थी। सभी मृतक और घायल एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे, जिससे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
तीन गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है, जो घटना के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
जांजगीर पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और इलाके में सुरक्षा और वाहन चालकों की सतर्कता बढ़ाने की अपील की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.