रायपुर एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, एअर इंडिया फ्लाइट से टकराया पक्षी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह एक एअर इंडिया की दिल्ली–रायपुर उड़ान को लैंडिंग के दौरान बर्ड हिट की घटना का सामना करना पड़ा। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री या चालक दल को कोई नुकसान नहीं हुआ और सभी पूरी तरह सुरक्षित रहे।
जानकारी के अनुसार, विमान को सुबह लगभग 8:15 बजे रायपुर पहुंचना था, लेकिन यह करीब 8:08 बजे लैंड कर रहा था, तभी अचानक पक्षी विमान से टकरा गया। घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट और एयरलाइन प्रशासन ने तुरंत सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करते हुए विमान को जांच के लिए रोक दिया।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक यही विमान सुबह 8:55 बजे वापस दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाला था, लेकिन तकनीकी जांच के चलते इसे अस्थायी रूप से रोक दिया गया। इंजीनियरिंग टीम ने विमान के इंजन और अन्य हिस्सों की विस्तृत जांच की, जिसमें करीब ढाई घंटे का समय लगा।
जांच पूरी होने के बाद विमान को सुरक्षित घोषित किया गया और लगभग 11:35 बजे रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना किया गया। इस दौरान यात्रियों को इंतजार करना पड़ा, जिससे उड़ान कार्यक्रम में देरी हुई।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, बर्ड हिट की घटनाओं को विमानन सुरक्षा के लिहाज से गंभीरता से लिया जाता है। ऐसी स्थिति में किसी भी संभावित जोखिम को टालने के लिए विमान की पूरी तरह जांच अनिवार्य होती है। जांच के बाद ही विमान को उड़ान की अनुमति दी जाती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.