सीएम मोहन यादव ने मेट्रो से किया सफर, पीएम मोदी की अपील का दिखा असर

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और सादगी को बढ़ावा देने की अपील का असर अब राज्यों में भी देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 14 मई को दिल्ली में मेट्रो से सफर कर एक नया संदेश दिया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने पारंपरिक काफिले का उपयोग न करते हुए शिवाजी स्टेडियम से एयरोसिटी तक मेट्रो ट्रेन से यात्रा की। इस दौरान वे आम यात्रियों के बीच नजर आए और कई लोगों से बातचीत भी की। यात्रियों ने उनसे मध्य प्रदेश की योजनाओं और विकास कार्यों पर चर्चा की, जिस पर मुख्यमंत्री ने भी उनका अभिवादन स्वीकार किया और संवाद किया।
सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने का संदेश
इस यात्रा के जरिए मुख्यमंत्री ने स्वच्छ पर्यावरण, ऊर्जा संरक्षण और सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मेट्रो जैसी सेवाएं न केवल समय बचाती हैं, बल्कि प्रदूषण को कम करने और ईंधन की खपत घटाने में भी अहम भूमिका निभाती हैं।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह पहल ‘ग्रीन मोबिलिटी’ और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने की दिशा में एक छोटा लेकिन प्रभावी कदम है।
पीएम की अपील के अनुरूप कदम
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के अनुरूप राज्य सरकार भी ईंधन की बचत और संसाधनों के बेहतर उपयोग पर गंभीरता से काम कर रही है। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर कई निर्देश जारी किए गए हैं, जिनमें वर्चुअल बैठकों को बढ़ावा देना और सरकारी वाहनों के उपयोग को सीमित करना शामिल है।
उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में उनके दौरों के दौरान अनावश्यक वाहन काफिले और रैलियों से बचा जाएगा, ताकि सरकारी कामकाज अधिक सरल और पर्यावरण के अनुकूल बन सके।
मुख्यमंत्री की यह मेट्रो यात्रा प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में एक प्रतीकात्मक संदेश के रूप में देखी जा रही है, जिसमें सार्वजनिक परिवहन को अपनाने और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग पर जोर दिया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.