दिल्ली-यूपी समेत उत्तर भारत में झमाझम बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट

HIGHLIGHTS
- आईएमडी ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
- लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश, आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश और 60 किमी/घंटा तक चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के दक्षिण-पूर्व, पूर्वी, शाहदरा, मध्य, उत्तर-पूर्व, दक्षिण, नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम, पश्चिम, उत्तर-पश्चिम और उत्तरी जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जो कुछ स्थानों पर 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा।
हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भी बारिश का दौर
आईएमडी के मुताबिक, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में 6 जुलाई से बारिश की गतिविधियां शुरू होंगी। 7 से 9 जुलाई और 11 जुलाई के दौरान अधिकांश इलाकों में व्यापक बारिश होने की संभावना है। इन दिनों कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी दर्ज की जा सकती है।
राजस्थान में सक्रिय होगा मानसून
राजस्थान में भी मानसून की गतिविधियां तेज होने के संकेत हैं। पूर्वी राजस्थान में 6 से 10 जुलाई के बीच कई जगहों पर बहुत भारी बारिश का अनुमान है, जबकि 11 जुलाई को भी बारिश जारी रह सकती है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में 7 और 8 जुलाई को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पूरे सप्ताह राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाएं, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया गया है।
हिमाचल और उत्तराखंड के लिए विशेष चेतावनी
पर्वतीय राज्यों में भी मौसम बिगड़ने के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश में 6 और 7 जुलाई को कई स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं उत्तराखंड में 6 जुलाई को भारी वर्षा की संभावना है। दोनों राज्यों में 11 जुलाई तक लगातार बारिश का दौर बने रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में भी बारिश का सिलसिला जारी
उत्तर प्रदेश में भी मानसून सक्रिय रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 8 और 9 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है, जबकि 10 और 11 जुलाई को कुछ इलाकों में बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.