दिल्ली: यमुना में डूबने से भाजपा नेता की दर्दनाक मौत , मछलियों को दाना डालने गए थे

दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में शनिवार सुबह एक हादसे में भाजपा करावल नगर के पूर्व मंडल अध्यक्ष कुलदीप नैनवाल (47) की यमुना में डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि पूजा-अर्चना के बाद वह नदी किनारे मछलियों को दाना डालने गए थे, तभी उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में समा गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुलदीप मछलियों को दाना खिलाने के बाद हाथ धोने के लिए आगे बढ़े। इसी दौरान फिसलन भरे पत्थर पर संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में गिर पड़े। लोगों ने शोर मचाकर मदद करने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह डूब चुके थे। सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। करीब तीन घंटे चले रेस्क्यू अभियान के बाद दोपहर 2:30 बजे उनका शव बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, कुलदीप अपने परिवार के साथ पश्चिमी करावल नगर में रहते थे। घर में उनकी मां, पत्नी दीपा नैनवाल और नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी एंजल है। कुलदीप बिजली ठेकेदारी का काम करते थे और लंबे समय से भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े हुए थे। उन्हें धार्मिक प्रवृत्ति का व्यक्ति माना जाता था और नियमित रूप से पूजा-पाठ करते थे।
हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। रिश्तेदारों और करीबियों ने बताया कि बेटी की पढ़ाई और परिवार की जिम्मेदारी को लेकर सब बेहद चिंतित हैं।
उधर, आप के प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने इस मामले पर दिल्ली सरकार और एनडीआरएफ पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उसी समय यमुना में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्री प्रवेश वर्मा नौका यात्रा कर रहे थे, लेकिन पास में ही भाजपा नेता के डूबने की घटना के दौरान राहत-बचाव की कोई पहल नहीं की गई। भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर दो वीडियो साझा कर कहा कि जब नेता नौका विहार और तस्वीरें खिंचवाने में व्यस्त थे, तब यमुना किनारे एक व्यक्ति अपनी जान गंवा रहा था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.