दिल्ली: लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार में विस्फोट, 11 की मौत, 20 से अधिक घायल

दिल्ली। राजधानी दिल्ली सोमवार शाम दहल उठी जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास खड़ी एक कार में जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास खड़ी कई गाड़ियां आग की चपेट में आ गईं। घटना में कम से कम 11 लोगों की मौत और 20 से अधिक के घायल होने की पुष्टि हुई है।
धमाके के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई। दिल्ली अग्निशमन विभाग की 7 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया गया।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, एनएसजी, एनआईए और एफएसएल की टीमें जांच में जुटी हैं। फिलहाल पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
आंखों देखा हाल: 'भयावह आवाज़ और आग की लपटें'
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया,
“धमाका इतना तेज़ था कि पूरी सड़क हिल गई। गाड़ियों के शीशे टूट गए और कुछ ही पलों में आग की लपटें उठीं।”
स्थानीय निवासी राजधर पांडे ने कहा,
“मैंने अपने घर की बालकनी से आग की लपटें देखीं। नीचे उतरा तो लोग भाग रहे थे, किसी की गाड़ी जल रही थी, किसी को चोट लगी थी।”
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख, गृह मंत्री ने मांगी रिपोर्ट
“दिल्ली में हुए इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। गृह मंत्री अमित शाह जी और वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर निगरानी रखे हुए हैं।”
गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस और एनआईए को त्वरित जांच के आदेश दिए हैं।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा- 'अफवाहों से बचें, शांति बनाए रखें'
“लाल किले के पास हुआ विस्फोट बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। प्रशासन पीड़ितों की हर संभव सहायता कर रहा है। सभी दिल्लीवासियों से अपील है कि अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करें।”
पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल बोले- 'दिल्ली की सुरक्षा पर सवाल'
“लाल किले के पास हुए धमाके की खबर बेहद चिंताजनक है। बताया जा रहा है कि इसमें कई लोगों की जान गई है, जो अत्यंत दुखद है। पुलिस और सरकार को तुरंत जांच करनी चाहिए कि यह धमाका कैसे हुआ और क्या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं है। दिल्ली की सुरक्षा से कोई समझौता स्वीकार्य नहीं।”
राहुल गांधी ने कहा- 'दिल्ली की घटना अत्यंत दर्दनाक'
“दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार विस्फोट की ख़बर बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है। इस दुखद हादसे में निर्दोष लोगों की मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है। इस कठिन समय में शोकग्रस्त परिवारों के साथ हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
घायलों की सूची जारी
अब तक 20 घायलों की पहचान की जा चुकी है, जिनका इलाज एलएनजेपी और आरएमएल अस्पताल में चल रहा है।
| क्रमांक | नाम | आयु | निवासी | स्थिति |
|---|---|---|---|---|
| 1 | शाइना परवीन | 23 | दिल्ली | स्थिर |
| 2 | हर्षुल सेठी | 28 | गदरपुर, उत्तराखंड | गंभीर |
| 3 | शिवा जायसवाल | 32 | देवरिया, यूपी | स्थिर |
| 4 | समीर | 26 | मंडावली, दिल्ली | आईसीयू में |
| 5 | जोगिंदर | 28 | नंद नगरी, दिल्ली | स्थिर |
| 6 | भवानी शंकर सामरा | 30 | संगम विहार, दिल्ली | गंभीर |
| 7 | गीता | 26 | कृष्णा विहार, दिल्ली | स्थिर |
| 8 | विनय पाठक | 50 | आया नगर, दिल्ली | सामान्य चोटें |
| 9 | शिवम झा | 21 | उस्मानपुर, दिल्ली | आईसीयू में |
| 10 | मोहम्मद शहनवाज़ | 35 | दरियागंज, दिल्ली | स्थिर |
| 11 | अंकुश शर्मा | 28 | शाहदरा, दिल्ली | गंभीर |
| 12 | अशोक कुमार | 34 | अमरोहा, यूपी | स्थिर |
| 13 | मोहम्मद फारुख | 55 | दरियागंज, दिल्ली | सामान्य |
| 14 | तिलक राज | 45 | हमीरपुर, हिमाचल | स्थिर |
| 15 | मोहम्मद सफवान | 28 | सीताराम बाजार, दिल्ली | गंभीर |
| 16 | मोहम्मद दाऊद | 31 | लोनी, गाजियाबाद | सामान्य |
| 17 | किशोरी लाल | 42 | कश्मीरी गेट, दिल्ली | स्थिर |
| 18 | आज़ाद | 38 | करताल नगर, दिल्ली | स्थिर |
| 19 | अज्ञात पुरुष | लगभग 35 | — | गंभीर |
| 20 | अज्ञात महिला | लगभग 30 | — | स्थिर |
कार मालिक से पूछताछ, गुरुग्राम से युवक हिरासत में
जांच में सामने आया है कि जिस कार में विस्फोट हुआ, वह हाल ही में बेची गई थी। पुलिस ने गुरुग्राम निवासी सलमान को हिरासत में लिया है। पूछताछ में उसने बताया कि उसने यह कार कुछ दिन पहले ओखला निवासी व्यक्ति को बेची थी।
सीआईए मानेसर प्रभारी ललित कुमार और दिल्ली स्पेशल सेल संयुक्त रूप से जांच कर रहे हैं। फॉरेंसिक टीम ने कार के हिस्से जब्त कर लिए हैं और विस्फोटक के प्रकार की जांच की जा रही है।
दिल्ली में सुरक्षा कड़ी
घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने सभी मेट्रो स्टेशनों, रेलवे स्टेशनों और बाजारों में सुरक्षा बढ़ा दी है।
पुलिस आयुक्त ने कहा,
“हर पहलू से जांच की जा रही है। किसी भी संभावना को नकारा नहीं जा सकता। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।”
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.