श्रीगंगानगर में भीषण सड़क हादसा, एंबुलेंस और सेना वाहन की टक्कर में 3 की मौत

HIGHLIGHTS
- श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ में नेशनल हाईवे-62 पर एंबुलेंस और सेना वाहन की टक्कर में भीषण सड़क हादसा हुआ।
- हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
- ओवरटेक के दौरान हुए इस हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा और पुलिस जांच जारी है।
श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ क्षेत्र में रविवार तड़के नेशनल हाईवे-62 पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जयपुर से डिस्चार्ज होकर मरीज को घर ले जा रही एक निजी एंबुलेंस की सामने से आ रहे भारतीय सेना के ALS वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ओवरटेक करने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, केंचियां कस्बे के पास एंबुलेंस ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी, तभी सामने से आ रहे सेना के वाहन से उसकी सीधी टक्कर हो गई। एंबुलेंस में सवार श्रीगंगानगर निवासी लक्ष्मी देवी (26), ड्राइवर सतनाम सिंह (26) और महेंद्र कौर (56) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रामप्रकाश (32) और राजवीर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें सूरतगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने शुरू किया राहत-बचाव कार्य
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि शवों को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी में रखवाया गया। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।
सेना ने जताया शोक
भारतीय सेना ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वह जांच में पूरी तरह सहयोग करेगी और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करती है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.