दिल्ली-एनसीआर में बढ़ती ठंड और घटती हवा की गुणवत्ता ने बढ़ाई चिंता

दिल्ली में ठंड लगातार बढ़ रही है और मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है। राजधानी में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, राजधानी की वायु गुणवत्ता भी बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आज दिल्ली-एनसीआर के अधिकांश क्षेत्रों का AQI 400 के पार है। बवाना का AQI 462 और वजीरपुर का AQI 460 सबसे ज्यादा दर्ज किया गया। इसके अलावा अलीपुर (434), आनंद विहार (442), अशोक विहार (435), आया नगर (426), बुराड़ी क्रॉसिंग (442), चांदनी चौक (412), मथुरा रोड (447), करणी सिंह (437), द्वारका-सेक्टर 8 (445), आईटीओ (441), जहांगीरपुरी (448), जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम (434), मुंडका (450) और पंजाबी बाग (451) सहित 35 इलाकों का AQI 400 से ऊपर है, जो रेड जोन में आता है।
नोएडा की स्थिति भी चिंताजनक है, जहां सुबह 6 बजे AQI 413 रिकॉर्ड किया गया। गुरुग्राम में 331 और गाजियाबाद में 386 AQI दर्ज है। हालांकि, aqi.in के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली का कुल AQI 717 तक पहुँच गया है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में शीतलहर की संभावना जताई है।
पहाड़ों और अन्य राज्यों में मौसम का हाल
पहाड़ी राज्यों में ठंड बढ़ रही है। उत्तराखंड में 14 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। धूप सर्दी में कुछ राहत देती है, लेकिन शाम ढलते ही तापमान में गिरावट आती है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, मंडी, सोलन और हमीरपुर जैसे क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है।
मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में 11 और 12 नवंबर के दौरान शीतलहर की संभावना है। हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में भी इसी अवधि में ठंड के बढ़ने की आशंका है। पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 11 से 14 नवंबर तक मौसम ठंडा रहने की संभावना है। झारखंड और ओडिशा में 12 नवंबर को शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है।
अन्य राज्यों में मौसम का अनुमान
पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में अगले पांच दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। उत्तर-पश्चिम भारत में भी अगले 4-5 दिनों तक न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री कम रहेगा। महाराष्ट्र और गुजरात में अगले तीन दिनों तक मौसम स्थिर रहने का अनुमान है। तेलंगाना में अगले 2-3 दिनों में तापमान 3-4 डिग्री गिर सकता है, जिसके बाद स्थिर रहने की संभावना है।
केरल, माहे और लक्षद्वीप में विभिन्न इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है। छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर का असर दिख सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.