कोरबा: कुसमुंडा क्षेत्र से लापता बुजुर्ग का मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र के वैशाली नगर खम्हरिया निवासी 55 वर्षीय चैतराम यादव का शव शनिवार को कुसमुंडा खदान से लगे बरपाली क्षेत्र के ऊपर रास्ते में मिला। परिजनों के अनुसार बुजुर्ग लगभग 10 से 12 दिन से लापता था और उनकी खोजबीन परिजन अपने स्तर पर कर रहे थे। पुलिस को भी लापता होने की सूचना दी गई थी।
स्थानीय लोगों ने शव देखा और इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद किया और परिजनों को सूचित किया। शव को विकास नगर स्थित अस्पताल के मर्चुरी में रखवाया गया है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार मौत ठंड लगने के कारण हुई हो सकती है। शव का निरीक्षण करने पर यह भी प्रतीत हो रहा है कि मृत्यु हाल ही में हुई थी।
परिजन बताते हैं कि चैतराम यादव अक्सर अकेले बाहर निकल जाया करते थे और लौट आते थे। इस बार कई दिनों तक न लौटने पर उनकी चिंता बढ़ गई थी। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.