दिल्ली में जुटे लालू और तेजस्वी, इंडिया गठबंधन की सीट शेयरिंग पर हो सकती है अंतिम चर्चा

नई दिल्ली/पटना। बिहार में इंडिया गठबंधन की सीट शेयरिंग को लेकर अटके मामलों को सुलझाने के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद और उनके उत्तराधिकारी तेजस्वी यादव रविवार को दिल्ली पहुंचे। उनके साथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह भी मौजूद हैं। संभावना है कि तेजस्वी यादव आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर सीट बंटवारे पर अंतिम निर्णय निकालेंगे।
लालू और तेजस्वी को 13 अक्तूबर को राउज एवेन्यू कोर्ट में लैंड फॉर जॉब केस की सुनवाई में भी उपस्थित होना है।
पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों ने जब लालू प्रसाद से सीट बंटवारे के बारे में सवाल किया तो उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। दिल्ली में भी पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि बातचीत चल रही है। तेजस्वी यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन में सब कुछ ठीक है और किसी के मन में नाराजगी नहीं है। उन्होंने बेरोजगारी पर अपने प्रस्ताव को दोहराते हुए कहा कि 14 नवंबर के बाद बिहार की जनता को राहत मिलेगी और सरकारी नौकरियां परिवारों तक पहुंचेंगी।
राजद ने अब तक करीब 80 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का नाम तय कर लिया है। पटना के राबड़ी आवास से निकलते समय राजद कार्यकर्ताओं ने पार्टी सुप्रीमो का जोरदार स्वागत किया। सूत्रों के अनुसार, इस बार उम्मीदवारों का चयन इस आधार पर किया गया है कि वे विधानसभा में मजबूत प्रदर्शन कर सकें। वहीं, कुछ सीटों पर कांग्रेस को अपने खाते में लेने की मांग के कारण पेंच फंसा हुआ है।
नई और पुरानी जीत के रिकॉर्ड के आधार पर टिकट वितरण किया गया है। इसमें जदयू छोड़कर आए पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा, पूर्व विधायक राहुल शर्मा और बाहुबली सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी समेत कुछ अन्य शामिल हैं। तेजस्वी यादव खुद हर सीट पर उम्मीदवारों की समीक्षा कर अंतिम निर्णय ले रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.