महाशिवरात्रि: दिल्ली हाईवे पर 15 फरवरी शाम तक भारी वाहनों पर रोक, सड़कों पर कांवड़ियों की भीड़

मुरादाबाद। महाशिवरात्रि के मद्देनज़र शहर और आसपास के हाईवे पर कांवड़ियों की आवाजाही तेज हो गई है। रविवार को पर्व होने के कारण भीड़ और बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव करते हुए कई मार्गों पर भारी वाहनों के संचालन पर रोक लगा दी है।
कांठ रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोडवेज और निजी बसों को छोड़कर अन्य सभी भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। दिल्ली, मेरठ और बुलंदशहर की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जा रहा है।
एसपी यातायात सुभाषचंद्र गंगवार ने बताया कि डायवर्जन व्यवस्था का सख्ती से पालन कराने के लिए हाईवे, कांठ रोड, रामपुर रोड, काशीपुर रोड और संभल रोड पर यातायात पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है। यह व्यवस्था 15 फरवरी की शाम छह बजे तक प्रभावी रहेगी।
यदि दिल्ली हाईवे पर कांवड़ियों का दबाव और बढ़ता है तो अमरोहा पुलिस से समन्वय कर बसों का संचालन भी रोका जा सकता है। बिजनौर और हरिद्वार जाने वाली बसों को ठाकुरद्वारा, काशीपुर, जसपुर और धामपुर के रास्ते भेजा जा रहा है।
डायवर्जन योजना इस प्रकार रहेगी
1. भारी वाहन (बिजनौर–हरिद्वार मार्ग)
दूध, फल, सब्जी, गैस, पेट्रोल-डीजल जैसे आवश्यक सेवाओं के वाहनों को छोड़कर अन्य भारी वाहन बिलारी, सिरसी, संभल, गवां, नरौरा, डिबाई, शिकारपुर, बुलंदशहर, हापुड़ और मेरठ होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वापसी भी इसी मार्ग से होगी।
2. रोडवेज और निजी बसें (बिजनौर–हरिद्वार)
बसें हनुमान मूर्ति तिराहा, काशीपुर तिराहा, ठाकुरद्वारा, जसपुर, धामपुर और नहटौर के रास्ते संचालित होंगी।
3. दिल्ली–मेरठ जाने वाले भारी वाहन
ट्रक और अन्य मालवाहक वाहन बिलारी, संभल, नरौरा, बुलंदशहर, हापुड़ और गाजियाबाद मार्ग से दिल्ली जाएंगे। मेरठ जाने वाले वाहन हापुड़ मार्ग से गुजरेंगे।
4. रामपुर मार्ग
रामपुर की ओर जाने और आने वाले भारी वाहन व बसें कुंदरकी, बिलारी और शाहाबाद मार्ग से चलेंगी। बसों का संचालन नया मुरादाबाद स्थित एमडीए कार्यालय के सामने बनाए गए अस्थायी बस स्टैंड से किया जाएगा।
रामपुर से आने वाली बसें दलपतपुर जीरो प्वाइंट से होते हुए काशीपुर तिराहा स्थित अस्थायी बस स्टैंड तक आएंगी। यदि कांवड़ यात्रा का दबाव बढ़ता है तो बसों को शाहाबाद-बिलारी मार्ग से आजाद नगर मोड़ तक लाया जाएगा।
बिजनौर की ओर से आने वाली बसें धामपुर और ठाकुरद्वारा मार्ग से प्रेम वंडरलैंड के पास बनाए गए अस्थायी बस स्टैंड तक पहुंचेंगी।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले डायवर्जन योजना की जानकारी प्राप्त कर लें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.