महोबा को मिली 697 करोड़ की सौगात, सीएम योगी ने 88 परियोजनाओं का किया लोकार्पण

यूपी: महोबा में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। उन्होंने जिले में करीब 697 करोड़ रुपये की लागत वाली 88 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लगभग 12 वर्षों के बाद गोरखगिरि पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन भी किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महोबा को अब पर्यटन और एडवेंचर टूरिज्म के नए केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां रोपवे परियोजना पर काम शुरू किया जा रहा है। साथ ही महोबा महोत्सव को राष्ट्रीय स्तर तक विस्तार देकर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आल्हा-ऊदल की वीरता से जुड़ी परंपरा को सम्मान देते हुए यहां अखाड़ों का भी निर्माण किया जाएगा।
सीएम योगी ने कहा कि महोबा ऊर्जा और पराक्रम की भूमि है, जहां की मिट्टी ने इतिहास में वीर योद्धाओं को जन्म दिया है। उन्होंने कहा कि यहां के ग्रेनाइट पत्थर केवल निर्माण सामग्री नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले संसाधन हैं। उन्होंने चंदेल कालीन विरासत, गोरखनाथ की तपस्थली और आल्हा-ऊदल की गाथाओं का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर चल रही है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का जिक्र करते हुए कहा कि योग ने भारत की संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाई है और यह स्वस्थ समाज की नींव है।
बिना नाम लिए विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों के शासन में अराजकता और अव्यवस्था थी, उन्होंने प्रदेश को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि पहले बुंदेलखंड में माफिया और अवैध गतिविधियों का दबदबा था, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं।
सीएम योगी ने कहा कि सरकार ने किसानों के हित में कई लंबित परियोजनाओं को पूरा किया है और अन्नदाताओं के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं और किसानों के शोषण पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बुंदेलखंड में चल रही सिंचाई, जल संरक्षण और पेयजल योजनाओं का भी उल्लेख किया और कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना क्षेत्र के लिए गेमचेंजर साबित होगी। साथ ही मेडिकल कॉलेज, औद्योगिक क्लस्टर और पर्यटन विकास के जरिए क्षेत्र को नई पहचान दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महोबा, चित्रकूट, बांदा और हमीरपुर में तेजी से विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। अंत में उन्होंने कहा कि महोबा अब विकास और विरासत दोनों के साथ नई ऊंचाइयों को छुएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.