टोक्यो के स्कूल में भीषण आग, 300 से ज्यादा बच्चों और शिक्षकों का सुरक्षित रेस्क्यू

जापान की राजधानी टोक्यो में शुक्रवार को एक प्राथमिक विद्यालय में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। स्कूल की ऊपरी मंजिल पर आग भड़कने के बाद वहां मौजूद सैकड़ों छात्रों और शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। अधिकारियों के मुताबिक, घटना में कुछ बच्चों और एक शिक्षक को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन किसी की जान को खतरा नहीं है।
स्कूल की चौथी मंजिल से उठने लगा धुआं
टोक्यो फायर डिपार्टमेंट के अनुसार, यह घटना शहर के मध्य क्षेत्र में स्थित ‘ताकिनोगावा नंबर-3 एलिमेंट्री स्कूल’ में हुई। चार मंजिला स्कूल भवन की सबसे ऊपरी मंजिल पर स्थित संगीत कक्ष (म्यूजिक रूम) के आसपास आग लगने की सूचना मिली। देखते ही देखते धुआं पूरे फ्लोर में फैल गया, जिससे तत्काल आपातकालीन बचाव अभियान शुरू करना पड़ा।
दमकलकर्मियों ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। राहत अभियान के दौरान एक शिक्षक और कई बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
पार्क में पहुंचाए गए छात्र और कर्मचारी
अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के समय स्कूल में मौजूद अधिकांश छात्र, शिक्षक और कर्मचारी निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत स्वयं ही पास के एक पार्क में पहुंच गए थे। इससे किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई और इमारत के अंदर कोई व्यक्ति फंसा नहीं रहा।
वीडियो में दिखा काले धुएं का गुबार
स्थानीय मीडिया में प्रसारित तस्वीरों और वीडियो में स्कूल की चौथी मंजिल की खिड़कियों से घना काला धुआं निकलता दिखाई दिया। आग बुझाने के लिए दर्जनों फायर टेंडर और बचाव वाहन मौके पर तैनात किए गए थे।
आग लगने की वजह की जांच शुरू
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आग तकनीकी खराबी, विद्युत शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह से लगी थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.