मोदी सरकार का नवरात्र उपहार: 25 लाख महिलाओं को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन

नई दिल्ली। केंद्र सरकार नवरात्र पर्व के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के तहत 25 लाख मुफ्त एलपीजी कनेक्शन वितरित करेगी। इस कदम के साथ देश में उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों की कुल संख्या 10.6 करोड़ हो जाएगी।
हर कनेक्शन पर 2,050 रुपये खर्च
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी ने सोमवार को बताया कि सरकार प्रत्येक कनेक्शन पर 2,050 रुपये खर्च करेगी। इसमें एक एलपीजी सिलेंडर, गैस चूल्हा, रेगुलेटर और अन्य जरूरी उपकरण शामिल हैं।
नवरात्र पर महिलाओं के लिए विशेष उपहार
मंत्री ने इसे महिलाओं के लिए नवरात्र का विशेष उपहार बताया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजना नारी शक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। हरदीप पुरी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “प्रधानमंत्री मोदी देवी दुर्गा की तरह महिलाओं का सम्मान करते हैं। यह निर्णय माताओं और बहनों के सम्मान और सशक्तिकरण को और मजबूत करता है।”
जीएसटी सुधार से आर्थिक विकास को बल
हरदीप पुरी ने यह भी कहा कि हाल ही में लागू किए गए जीएसटी सुधारों से देश में खुशी की लहर है और इससे सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में लगभग 0.8 प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है। उन्होंने बताया कि नए सुधार विशेष रूप से निम्न मध्यम और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए लाभकारी होंगे, क्योंकि विभिन्न उपभोग वस्तुओं पर जीएसटी दरें कम कर दी गई हैं।





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.