नंदा देवी एक्सप्रेस से लापता नवविवाहिता बरामद, पुलिस ने खोला पूरा राज

लक्सर (हरिद्वार)। नंदा देवी एक्सप्रेस से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई एक नवविवाहिता को पुलिस ने बिहार के बेगूसराय से सुरक्षित बरामद कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पारिवारिक विवाद के चलते वह नाराज होकर ट्रेन से उतर गई थी और बाद में बिहार चली गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई और बयान दर्ज करने के बाद महिला को उसके परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार, कानपुर के नौबस्ता क्षेत्र निवासी मनीष अग्रवाल ने लक्सर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका विवाह 5 फरवरी 2026 को कानपुर निवासी प्रज्ञा सिंह से हुआ था। विवाह के बाद दोनों केदारनाथ यात्रा पर गए थे।
बताया गया कि 5 मई की रात दोनों पति-पत्नी देहरादून से गाजियाबाद जाने वाली नंदा देवी एक्सप्रेस में सवार हुए थे। यात्रा के दौरान मुजफ्फरनगर स्टेशन पार करने के बाद जब पति की नींद खुली तो पत्नी अपनी सीट पर मौजूद नहीं थी, जिससे हड़कंप मच गया।
जांच के दौरान महिला के मोबाइल की लोकेशन लक्सर क्षेत्र के बहादुरपुर रेलवे फाटक के आसपास मिली, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। कई टीमों को रेलवे स्टेशनों और आसपास के इलाकों में लगाया गया तथा सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए।
लक्सर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि लगातार प्रयासों के बाद महिला को बिहार के बेगूसराय रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद महिला नाराज होकर ट्रेन के एक कोच से दूसरे कोच में चली गई और फिर गाजियाबाद स्टेशन पर उतरकर दूसरी ट्रेन से पटना चली गई। इसी दौरान उसने अपना मोबाइल सिम भी निकालकर फेंक दिया था।
महिला के बिहार में अपने परिचितों के पास जाने की जानकारी मिली है। आवश्यक पूछताछ के बाद उसे उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.