अब UPSC की तैयारी कराएगा पतंजलि, अवध ओझा संभालेंगे नई एकेडमी की कमान

हरिद्वार। पतंजलि समूह अब आयुर्वेदिक उत्पादों और योग के क्षेत्र के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी कदम बढ़ा रहा है। सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए शनिवार को ‘पतंजलि सिविल सर्विसेज एकेडमी’ की औपचारिक घोषणा की गई। इस नई पहल का नेतृत्व प्रसिद्ध शिक्षक अवध ओझा करेंगे।
योगगुरु स्वामी रामदेव और अवध ओझा ने पतंजलि योगपीठ में एक साथ इस एकेडमी की शुरुआत की घोषणा की। इस दौरान दोनों को योग करते हुए भी देखा गया। स्वामी रामदेव ने कहा कि यह दिन संस्थान के लिए एक महत्वपूर्ण शुरुआत है और यहां विद्यार्थियों को एक शांत, अनुशासित और सकारात्मक वातावरण में सिविल सेवा की तैयारी का अवसर मिलेगा।
रामदेव ने बताया कि इस एकेडमी का उद्देश्य ऐसे प्रशासनिक अधिकारी तैयार करना है जो भारतीय संस्कृति, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों की समझ के साथ देश सेवा कर सकें। उन्होंने कहा कि यह संस्थान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास होगा।
एकेडमी के प्रमुख अवध ओझा ने कहा कि अब सिविल सेवा की तैयारी के लिए दिल्ली नहीं, बल्कि हरिद्वार एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित होगा। उन्होंने बताया कि यहां विद्यार्थियों को अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान की जाएगी।
ओझा ने आगे कहा कि संस्थान में आधुनिक अध्ययन सामग्री, टेस्ट सीरीज, इंटरव्यू ट्रेनिंग और पर्सनालिटी डेवलपमेंट जैसे कार्यक्रम भी शामिल होंगे। उन्होंने स्वीकार किया कि सिविल सेवा की तैयारी के दौरान छात्रों पर मानसिक दबाव काफी अधिक होता है, इसलिए इसे ध्यान में रखते हुए एक बेहतर माहौल तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार स्थित पतंजलि योगपीठ का शांत और आध्यात्मिक वातावरण छात्रों को योग, ध्यान और अनुशासित दिनचर्या के साथ पढ़ाई करने में मदद करेगा। इससे उनका आत्मविश्वास और एकाग्रता दोनों बढ़ेंगे।
जानकारी के अनुसार, इस एकेडमी में जल्द ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू किए जाने की संभावना है, जिसमें देशभर के छात्रों को अवसर मिलेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.