राजस्थान में डाकघर और पासपोर्ट केंद्रों को मिली बम धमकी, सुरक्षा अलर्ट जारी

राजस्थान के कई शहरों में मंगलवार को डाकघरों और पासपोर्ट सेवा केंद्रों को बम धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। धमकी भरे ईमेल मिलने के तुरंत बाद उदयपुर, बीकानेर, कोटपूतली-बहरोड़, भीलवाड़ा, दौसा, सिरोही, कोटा, अलवर, जैसलमेर, बांसवाड़ा, झालावाड़ और सवाई माधोपुर समेत कई शहरों में प्रशासन और पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित परिसरों को खाली कराया और तलाशी अभियान शुरू किया।
सुरक्षा जांच के दौरान डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्तों की मदद ली गई। फिलहाल अधिकांश स्थानों पर तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जानकारी के अनुसार, जयपुर हेड ऑफिस से भेजे गए ईमेल में पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम धमकी देने की सूचना थी। ईमेल में पाकिस्तान की आईएसआई का जिक्र और दक्षिण भारतीय अभिनेत्री निवेथा पेथुराज का नाम शामिल था।
उदयपुर में मॉल स्थित पासपोर्ट केंद्र खाली कराया
उदयपुर के लेकसिटी मॉल में स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र को धमकी मिलने के बाद मॉल परिसर में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मॉल में मौजूद लोगों को बाहर निकाला। डीएसपी सूर्यवीर सिंह राठौड़ और भूपालपुरा थानाधिकारी आदर्श कुमार ने पुलिस बल के साथ जांच शुरू की। डॉग स्क्वॉड की मदद से करीब एक घंटे तक तलाशी ली गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
बीकानेर में हेड पोस्ट ऑफिस पर अलर्ट
बीकानेर के हेड पोस्ट ऑफिस को भी धमकी मिलने के बाद पूरी सुरक्षा सतर्कता बढ़ा दी गई। कर्मचारियों और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर परिसर खाली कराया गया। इंस्पेक्टर ऑफ पोस्ट पुष्प राठी ने बताया कि ईमेल में धमकी दी गई थी और पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में भी निगरानी कड़ी कर दी।
कोटपूतली-बहरोड़ में पासपोर्ट केंद्र और डाकघर की तलाशी
कोटपूतली-बहरोड़ में भी धमकी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन सक्रिय हो गया। पासपोर्ट सेवा केंद्र और डाकघर को तुरंत खाली कराया गया। जिला विशेष शाखा के एसआई कश्मीर सिंह, डीवाईएसपी राजेंद्र बुड़बक और कोटपूतली थाना अधिकारी राजेश शर्मा पुलिस बल के साथ परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया।
सभी शहरों में सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है और किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए लगातार निगरानी कर रही हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.