अजमेर: सेंट्रल जेल में डकैत जगन गुर्जर की हत्या, बैरक में साथी बंदी ने घोंटा गला

अजमेर। राजस्थान की हाई सिक्योरिटी सेंट्रल जेल में सोमवार को चंबल के कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की हत्या का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि उसके ही बैरक में बंद हार्डकोर अपराधी विष्णु ने गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने फिलहाल इस घटना को किसी गैंगवार का हिस्सा मानने से इनकार किया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
जेल के अंदर मामूली विवाद के बाद वारदात
अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के अनुसार, दोनों बंदियों के बीच किसी मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था, जो धीरे-धीरे बढ़ गया। इसी दौरान विष्णु ने तौलिया या गमछे से गला दबाकर जगन गुर्जर की हत्या कर दी।
जेल प्रशासन के मुताबिक, घटना से पहले दोनों का व्यवहार सामान्य था। सुबह के समय उन्होंने बैरक की सफाई की और कुछ देर तक लूडो भी खेला। किसी बड़े विवाद के संकेत पहले से नहीं मिले थे।
चाय वितरण के समय खुला मामला
दोपहर करीब तीन बजे चाय वितरण के दौरान जब प्रहरी बैरक में पहुंचा तो जगन गुर्जर बाहर नहीं आया। अंदर जाकर देखने पर वह अचेत अवस्था में पड़ा मिला। जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।
पुलिस का मानना है कि यह वारदात सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच हुई।
आरोपी ने स्वीकार किया जुर्म
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी विष्णु ने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार कर ली है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शव पर किसी गंभीर बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे पोस्टमार्टम रिपोर्ट को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
घटना के बाद जेल प्रशासन, पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और बैरक को सील कर साक्ष्य जुटाए गए। शव को अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है।
कौन है आरोपी विष्णु
आरोपी विष्णु पिछले लगभग तीन वर्षों से अजमेर सेंट्रल जेल में बंद है। वह भरतपुर के चर्चित कुलदीप जघीना हत्याकांड का आरोपी है, जिसमें 2023 में हरियाणा-राजस्थान सीमा पर एक टोल प्लाजा के पास गोली मारकर हत्या की गई थी।
उसी मामले में वह न्यायिक हिरासत में था।
कौन था डकैत जगन गुर्जर
मृतक जगन गुर्जर चंबल क्षेत्र का कुख्यात डकैत रहा है। उसके खिलाफ राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में हत्या, डकैती, अपहरण और फिरौती सहित 100 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे।
इसी साल मार्च में उसे हाई सिक्योरिटी सेंट्रल जेल, अजमेर में शिफ्ट किया गया था।
जांच जारी
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। एफएसएल रिपोर्ट, पोस्टमार्टम और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.