रोहित शेट्टी को फिर मिली धमकी, मांगी गई 20 करोड़ की रंगदारी, पुलिस जांच में जुटी

मुंबई। फिल्ममेकर रोहित शेट्टी एक बार फिर धमकी को लेकर सुर्खियों में हैं। कुछ महीने पहले जुहू स्थित उनके घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना के बाद अब उन्हें एक नया धमकी भरा ऑडियो मिलने की बात सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार उनसे 20 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है।
सूत्रों के अनुसार, यह धमकी एक करीब 90 सेकंड की ऑडियो क्लिप के जरिए दी गई, जिसमें रोहित शेट्टी को सीधे तौर पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है। क्लिप में कथित तौर पर कहा गया है कि पहले हुई फायरिंग केवल एक संकेत थी और अगर इस बार मांग पूरी नहीं हुई तो हमला सीधे व्यक्ति पर किया जाएगा, न कि सिर्फ उनकी संपत्ति को निशाना बनाया जाएगा।
यह ऑडियो क्लिप शनिवार सुबह उनके स्टाफ के पास पहुंची, जिसके बाद तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। मुंबई क्राइम ब्रांच ने क्लिप को जब्त कर जांच शुरू कर दी है और उसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
जांच एजेंसियों का शुरुआती मानना है कि ऑडियो में जिस आवाज का जिक्र हो रहा है, वह शुभम लोनकर की हो सकती है, जो लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया जाता है और पहले से कई मामलों में वांछित है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शुभम लोनकर का नाम पहले भी कई गंभीर मामलों में सामने आ चुका है, जिनमें 2024 में एक राजनीतिक हत्या का मामला और रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना शामिल है।
गौरतलब है कि इसी साल फरवरी में रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर पर गोलीबारी हुई थी, जिसकी जिम्मेदारी भी कथित तौर पर इसी गैंग से जुड़ी बताई गई थी। उस मामले में एक आरोपी को बाद में आगरा से गिरफ्तार किया गया था।
मुंबई पुलिस ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है और सभी तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.