शामली: एक्सप्रेसवे धंसने पर NHAI की सख्त कार्रवाई, टीम लीडर निलंबित

शामली। दिल्ली–सहारनपुर–देहरादून एक्सप्रेसवे पर बारिश के दौरान सड़क धंसने की घटना के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने कड़ा रुख अपनाया है। प्रारंभिक जांच में निर्माण गुणवत्ता और जल निकासी व्यवस्था में गंभीर खामियां सामने आने के बाद अथॉरिटी इंजीनियरिंग कंसल्टेंसी के टीम लीडर कुलदीप कुमार राजदान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
इसके साथ ही निर्माण कंपनी और संबंधित कंसल्टेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर जवाब तलब किया गया है।
बारिश के बाद धंसी थी सड़क, वीडियो हुआ वायरल
जानकारी के अनुसार, 1 जुलाई को हुई तेज बारिश के बाद एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 55+480 पर करौंदा महाजन गांव और डूंगर के पास सड़क का हिस्सा धंस गया था। इससे सड़क पर बड़े गड्ढे बन गए और यातायात प्रभावित हुआ।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद NHAI की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कर आवागमन बहाल कराया गया।
प्रारंभिक जांच में निर्माण खामियां उजागर
बागपत परियोजना निदेशक नरेंद्र कुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कमी, ढलान की उचित सुरक्षा का अभाव और जल निकासी प्रणाली की कमजोरी सामने आई है।
इसी आधार पर निर्माण कंपनी एम/एस कृष्णा कॉन्स्टेलेशन प्राइवेट लिमिटेड और अथॉरिटी इंजीनियरिंग कंसल्टेंसी एम/एस चैतन्य प्रोजेक्ट्स कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड को नोटिस जारी किया गया है।
साथ ही निर्माण कंपनी के परियोजना प्रबंधक को परियोजना से हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं, जबकि कंसल्टेंसी को सात दिनों के भीतर नए योग्य टीम लीडर का प्रस्ताव देने को कहा गया है।
तीन दिन में जवाब नहीं तो कड़ी कार्रवाई
NHAI ने स्पष्ट किया है कि यदि तीन दिनों के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया तो संबंधित एजेंसियों के भुगतान पर रोक, आर्थिक दंड और अनुबंध के तहत अन्य सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा पूरे परियोजना क्षेत्र में बारिश से हुए कटाव की तत्काल मरम्मत निर्माण कंपनी को अपने खर्च पर करनी होगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.