टिहरी में अचानक बारिश से जनजीवन प्रभावित, दुकानों में घुसा पानी

टिहरी जिले में दोपहर के बाद अचानक मौसम ने करवट ली और कुछ ही समय में क्षेत्र में तेज बारिश शुरू हो गई। जौनपुर ब्लॉक के धनोल्टी तहसील अंतर्गत नौघर गांव में हुई भारी बारिश का पानी बहकर बिलौंदी पुल बाजार तक पहुंच गया, जिससे स्थानीय दुकानों को नुकसान हुआ।
बारिश के तेज बहाव के चलते कुलवीर सिंह नकचवाल की दुकान और कमरे में पानी घुस गया, जिससे उनका काफी सामान खराब हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, अचानक आए पानी और मलबे ने बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया।
इसी दौरान सड़क पर मलबा जमा होने से नगुण-भवान-देहरादून स्टेट हाईवे कुछ समय के लिए बाधित हो गया। स्थिति ऐसी बनी कि बिलौंदी पुल के पास मार्ग अवरुद्ध होने के कारण कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार का काफिला भी वहां घंटों फंसा रहा। बताया जा रहा है कि मंत्री चौधरी उत्तरकाशी से लौटकर देहरादून की ओर जा रहे थे।
जौनपुर क्षेत्र में हुई इस अचानक बारिश से अगलाड़ नदी का जलस्तर भी बढ़ गया, जिससे आसपास के इलाकों में खतरे की आशंका और बढ़ गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे राजस्व उप निरीक्षक अब्बुज चौधरी ने बताया कि 15 मई की शाम करीब 3 से 4 बजे के बीच क्षेत्र में तेज बारिश हुई, जिसके बाद बरसाती पानी मलबे के साथ दुकानों और घरों में घुस गया।
उन्होंने आगे बताया कि जेसीबी मशीन की मदद से सड़क पर जमा मलबा हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है। हालांकि, बिलौंदी क्षेत्र के करीब 10 दुकानों में पानी और मलबा घुसने से नुकसान की स्थिति बनी हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.