उत्तराखंड में बारिश का कहर, कई जिलों में येलो अलर्ट जारी

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून समेत राज्य के कई जिलों में मंगलवार को भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है और कई स्थानों पर तेज बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने पौड़ी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, अन्य जिलों में बिजली कड़कने के साथ तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
इस बार मौसम के बदले पैटर्न और जलवायु परिवर्तन के प्रभाव के कारण गर्मी का असर अपेक्षाकृत कम रहा है, हालांकि मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून में देरी के चलते उमस और गर्मी का दौर लंबे समय तक बना हुआ है। मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान ज्यादातर दिनों में सामान्य के आसपास ही दर्ज किया गया, लेकिन नमी और उमस ने लोगों को परेशान किया।
उमस ने बढ़ाई परेशानी
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस वर्ष उत्तराखंड में मानसून करीब एक सप्ताह की देरी से पहुंच सकता है। इसी वजह से गर्मी और उमस का असर फिलहाल जारी रहेगा। तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है और दिन के साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है।
हल्की बारिश कुछ समय के लिए राहत जरूर दे रही है, लेकिन बारिश थमते ही उमस फिर बढ़ जा रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में मानसून सक्रिय हो सकता है, जिसके बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
सोमवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से ही तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया, जबकि दोपहर बाद हुई बारिश ने थोड़ी राहत दी। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम देखने को मिला, जहां दिन में गर्मी और शाम को बारिश का दौर जारी रहा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.