राज्यपाल ने केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में की पूजा, पुनर्निर्माण कार्यों का लिया जायजा

उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने मंगलवार को सुबह केदारनाथ धाम पहुंचकर भगवान केदारनाथ के दर्शन किए। उन्होंने मंदिर में विशेष रुद्राभिषेक पूजन कर विश्व कल्याण, मानवता की समृद्धि और राज्य के सतत विकास की कामना की। दर्शन के बाद राज्यपाल बदरीनाथ धाम भी पहुंचे।
राज्यपाल के आगमन पर अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा और मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत ने वीआईपी होपैड पर पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद राज्यपाल पैदल मार्ग से मंदिर प्रांगण पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान केदारनाथ का अभिषेक और पूजन-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की खुशहाली एवं राज्य की उन्नति के लिए आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने मंदिर परिसर में तीर्थ पुरोहित समाज से भी भेंट की। उन्होंने इसे अत्यंत आध्यात्मिक अनुभव बताते हुए कहा कि केदारघाटी का प्रत्येक कण शिवमय है और यहां के पर्वतों में भगवान शिव की उपस्थिति का अनुभव होता है। पूजन के बाद उन्होंने मंदिर प्रांगण में एकत्र श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया और बाबा केदारनाथ के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय कर दिया।
पुनर्निर्माण और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण
राज्यपाल ने केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। अधिशासी अभियंता डी.डी.एम. विनय झिंकवाण ने उन्हें धाम में चल रहे निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अधिकांश पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं और शेष कार्य अंतिम चरण में हैं।
राज्यपाल ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में यात्रा प्रबंधन और पुनर्निर्माण में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने जिला प्रशासन, मंदिर समिति, पुलिस विभाग, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और सभी सहयोगी एजेंसियों की सराहना की और कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सफल और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने में सभी की भूमिका सराहनीय है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.