जशपुर में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार कार ट्रेलर से टकराई, पांच की मौत

जशपुर (छत्तीसगढ़)। कटनी–गुमला नेशनल हाईवे-43 पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके में शोक और सनसनी फैला दी। दुलदुला थाना क्षेत्र के पतराटोली में एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से इतनी जोरदार भिड़ी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांचों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भयावह थी कि कार के पुर्जे दूर तक बिखर गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। दुलदुला थाना प्रभारी के.के. साहू ने बताया कि सभी युवक खटंगा गांव (दुलदुला क्षेत्र) के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान राधेश्याम यादव (26), उदय कुमार चौहान (18), सागर तिर्की (22), अंकित तिग्गा (17) और दीपक प्रधान (19) के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि सभी युवक आस्ता थाना क्षेत्र में आयोजित एक मेले से लौट रहे थे। रात लगभग घर पहुंचने से पहले ही यह हादसा हो गया। मृतक राधेश्याम के बड़े भाई महेश्वर यादव ने बताया कि सभी दोस्त रात तक साथ थे और वापसी में यह दुखद घटना घट गई। वहीं दीपक प्रधान परिवार का इकलौता सहारा था, जिसकी मौत ने घरवालों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पुलिस के अनुसार, हादसे का प्रमुख कारण कार की तेज रफ्तार प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने पर शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। घटना की विस्तृत जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.