यूपी ATS की बड़ी कार्रवाई, दो संदिग्ध गिरफ्तार; आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने का शक

उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के शक में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में दोनों के पाकिस्तान आधारित आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। एजेंसी का दावा है कि आरोपी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक गुप्त आतंकी मॉड्यूल तैयार करने की कोशिश में लगे थे और संवेदनशील स्थानों की रेकी कर संभावित हमलों की योजना बना रहे थे।
सीमा पार नेटवर्क से जुड़ाव के आरोप
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद उमर और फैजान के रूप में हुई है, जो कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव अकबरपुर के निवासी हैं। उमर, जुल्फिकार का पुत्र है, जबकि फैजान शमीमुद्दीन का पुत्र बताया गया है।
ATS के अनुसार, लंबे समय से इन दोनों की संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही थी। तकनीकी सर्विलांस और खुफिया इनपुट के आधार पर छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार किया गया।
पाकिस्तानी नेटवर्क से संपर्क का दावा
जांच एजेंसियों का कहना है कि दोनों आरोपी पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी आबिद जट्ट के संपर्क में थे। माना जा रहा है कि इन्हें सीमा पार से निर्देश मिल रहे थे और ये स्थानीय स्तर पर आतंकी नेटवर्क को मजबूत करने की कोशिश कर रहे थे।
ATS की पूछताछ जारी
ATS के अपर पुलिस महानिदेशक अमिताभ यश ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वे किन-किन लोगों के संपर्क में थे और उन्हें बाहर से किस तरह के निर्देश मिल रहे थे।
साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या किसी बड़े हमले की साजिश पहले से तैयार की जा रही थी।
आतंकी मॉड्यूल पर लगातार कार्रवाई
एजेंसियों के मुताबिक, शहजाद भट्टी और आबिद जट्ट से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इस मामले में अब तक पांच मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं और 15 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
ATS का कहना है कि उमर और फैजान की गिरफ्तारी इसी अभियान का हिस्सा है, और पूरे नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.