उत्तराखंड: 215 उपनिरीक्षकों को सीएम धामी ने सौंपे नियुक्ति पत्र

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्य सेवक सदन में 215 नए उपनिरीक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इसमें 104 उप-निरीक्षक, 88 गुल्मनायक (P.A.C) और 23 अग्निशमन द्वितीय अधिकारी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और आपदा प्रबंधन में पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने नवनियुक्त अधिकारियों से कहा कि अब तक की उनकी परीक्षा केवल प्रारंभिक थी, असली चुनौती अब शुरू होती है। उन्हें प्रदेश की सुरक्षा, कानून व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और अग्निशमन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ निभाना होगा।
धामी ने बताया कि उत्तराखंड दो अंतरराष्ट्रीय और दो आंतरिक सीमाओं से सटा हुआ राज्य है। इसलिए राज्य में शांति और सुव्यवस्था बनाए रखना, नशा रोकना, साइबर क्राइम, महिला अपराध, यातायात नियंत्रण, चारधाम और कांवड़ यात्रा जैसी गतिविधियों में पुलिस की सक्रिय भूमिका आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। इसके परिणामस्वरूप पिछले चार वर्षों में 26,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। उन्होंने नवनियुक्त अधिकारियों से उम्मीद जताई कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे और राज्य की सुरक्षा, शांति और जनता के विश्वास को और मजबूत बनाएंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.