वृंदावन नाव हादसा: लुधियाना के यश और मोनिका के शव बरामद, अब तक 15 की मौत

उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित वृंदावन में यमुना नदी में हुए दर्दनाक नाव हादसे के चौथे दिन राहत और बचाव टीमों को दो और शव बरामद हुए हैं। इनमें लुधियाना निवासी एक युवक और एक नवविवाहिता शामिल हैं। इस हादसे में अब तक मृतकों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है, जबकि एक अन्य लापता युवक की तलाश अभी भी जारी है।
20 किलोमीटर के दायरे में सघन सर्च अभियान
सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की संयुक्त टीमें लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं। करीब 250 जवान 20 किलोमीटर के दायरे में यमुना नदी के किनारों और जलधारा में गहन सर्च ऑपरेशन में जुटे हुए हैं ताकि लापता व्यक्ति का पता लगाया जा सके।
लुधियाना के युवक और नवविवाहिता की हुई पहचान
नदी से बरामद शवों की पहचान लुधियाना के जस्सियां रोड निवासी 22 वर्षीय यश भल्ला और दुगरी की रहने वाली मोनिका के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यश पहली बार वृंदावन आया था और बांके बिहारी ग्रुप के साथ ढोलक बजाने का कार्य कर रहा था। हादसे से पहले के वीडियो में वह भजन-कीर्तन में शामिल नजर आ रहा था। परिवार के अनुसार, वह पूरी तरह सेवा भाव से यहां आया था और उसने किसी प्रकार का भुगतान भी नहीं लिया था।
छह महीने पहले हुई थी मोनिका की शादी
इस हादसे ने एक और परिवार की खुशियां छीन लीं। छह महीने पहले विवाह बंधन में बंधी मोनिका अपनी सास के साथ धार्मिक यात्रा पर वृंदावन आई थी। बताया जा रहा है कि उसके पति विदेश में हैं और मोनिका के भी जल्द विदेश जाने की तैयारी थी। परिजनों के अनुसार, पहले वह इस यात्रा पर आने के लिए तैयार नहीं थी, लेकिन बाद में सास के कहने पर शामिल हो गई।
यमुना पुल के पास मिट्टी से शवों के बाहर आने के बाद उनकी पहचान हो सकी। फिलहाल परिजन वृंदावन में ही मौजूद हैं और अंतिम लापता व्यक्ति की तलाश जारी है।
डिंकी को दी गई अंतिम विदाई
हादसे में मीनू बहल की मौत के बाद उनकी बेटी डिंकी का शव भी नदी से बरामद किया गया था। पोस्टमार्टम के बाद प्रशासन ने शव को लुधियाना भेजा, जहां परिवार ने देर शाम पहुंचने के कारण अंतिम संस्कार अगले दिन किया।
सोमवार सुबह डिंकी की शवयात्रा मॉडल टाउन स्थित श्मशान घाट तक निकाली गई, जहां बड़ी संख्या में लोग अंतिम विदाई देने पहुंचे। इस दौरान परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था और पूरे इलाके में शोक का माहौल रहा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.