नई दिल्ली। वैश्विक बाजारों में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी देखने को मिली है। अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड का भाव बुधवार को 4.78% गिरकर लगभग 99 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

तेल की कीमतों में 5 प्रतिशत से अधिक की गिरावट

तेल के दामों में यह गिरावट ऐसे समय में आई है जब मध्य-पूर्व में संभावित कूटनीतिक समाधान की उम्मीदें बढ़ रही हैं। पिछले सत्र में दर्ज तेजी का असर काफी हद तक खत्म हो गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका ने ईरान के सामने 15 बिंदुओं वाला प्रस्ताव रखा है, जिसका मकसद क्षेत्र में जारी संघर्ष को समाप्त करना है।

युद्ध विराम के संकेत

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वॉशिंगटन और तेहरान के बीच फिलहाल बातचीत जारी है और ईरान समझौते के लिए इच्छुक दिख रहा है। हालांकि, ईरान ने प्रत्यक्ष वार्ता से इनकार किया है।

ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि अगर दोनों देशों के बीच समझौता होता है और युद्ध की आशंका खत्म होती है, तो तेल की कीमतों में और गिरावट देखने को मिल सकती है। वहीं, कूटनीतिक प्रगति की उम्मीदों ने वैश्विक बाजारों में सप्लाई बाधा की आशंका को कम कर दिया है, जिससे तेल की कीमतों पर दबाव बना है।