पटियाला। लंबे समय से फरार चल रहे सनौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को आखिरकार मध्य प्रदेश के ग्वालियर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी की पुष्टि पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने की।
गिरफ्तारी का मामला
विधायक पठानमाजरा के खिलाफ पटियाला के सिविल लाइन थाने में एक महिला की शिकायत पर शारीरिक शोषण के गंभीर आरोप दर्ज किए गए थे। मामला दर्ज होने के बाद से ही पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी।
पुलिस ने पहले हरियाणा के एक गांव में छापेमारी की, लेकिन पठानमाजरा वहां से बच निकलने में सफल रहे।
फरारी के दौरान की चाल
फरारी के दौरान विधायक पठानमाजरा ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो पोस्ट किए, ताकि ऐसा लगे कि वे विदेश में हैं। हालांकि, पुलिस की तकनीकी जांच और गुप्त सूचनाओं ने उनकी वास्तविक लोकेशन मध्य प्रदेश में ट्रेस कर ली।
एसएसपी वरुण शर्मा के अनुसार, पटियाला पुलिस की विशेष टीम ने लगातार पीछा करते हुए ग्वालियर से उन्हें काबू किया।
अब विधायक पठानमाजरा को पटियाला लाया जा रहा है, जहां उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा और आगे की पूछताछ की जाएगी।