खतौली उप चुनाव के लिए राजनीतिक दलों ने ताकत झोंक दी है। आज एक तरफ भाजपा के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ की जनसभा है तो दूसरी तरफ गठबंधन के लिए रालोद अध्यक्ष जयंत सिंह 13 गांव में नुक्कड़ सभा करेंगे। इस दौरान खूब सियासी शब्द बाण चलेंगे। यहीं नहीं जनसभा के दौरान पूर्व मंत्री धर्मसिंह सैनी को समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण करनी थी लेकिन एन वक्त पर उनका कार्यक्रम बदल गया। वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ हेलीकॉप्टर द्वारा खतौली पहुंच चुके हैं। कुछ ही देर में वह मंच से जनसभा को संबोधित करेंगे।
यहां सीएम योगी ने कहा कि खतौली क्रांतिकारियों की धरती है। जब कवाल का बवाल हो रहा था महीनों को कर्फ्यू था। तब लोकदल के नेता कहां थे। जब हजारों हिंदुओं को जेल भेज दिया गया। तब ये पूछने नहीं आए थे। सपा का शासन तालिबान जैसा था।
हमने पीएम मोदी के मार्गदशर्न में उत्तर प्रदेश के कानून व्यवस्था का परचम कायम किया है। पहले राहगीरों की हत्या कर दी जाती थी। किसान खेत में जाने से डरते थे, बहनें और बेटियां खरीदारी के लिए नहीं जा पाती है।स्कूल कॉलेज जाने से डरती थी। अब बेटियां निडर हैं। लोग पलायन नहीं कर रहे। जो जिस भाषा में समझेगा, उसी भाषा में उसे समझाएंगे। डबल इंजन की सरकार जितना विकास कर रही है, उतना पचास साल में भी नहीं हुआ। हमारा संकल्प है सबका साथ, सबका विकास लेकिन तुष्टिकरण किसी का नहीं।
सीएम योगी ने चौधरी चरणसिंह का जिक्र करते हुए कहा कि चौधरी साहब हमेशा गलत के खिलाफ खड़े रहे। कहा कि पहले गुंडा टैक्स की वसूली की जाती थी, अब कोई सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं कर सकता। अब शामली से पलायन नहीं होता। उन्होंने विक्रम सैनी की पत्नी राजकुमारी देवी को वोट देकर विजयी बनाने का आह्वान किया। कहा कि राजकुमारी देवी प्रधान पति के जेल में होने के बावजूद कवाल कांड के दौरान अपने मूल्यों को बरकार रखते हुए डटी रहीं।
खतौली उपचुनाव काफी दिलचस्प होता जा रहा है। मुजफ्फरनगर दंगे के मुकदमे में खतौली से दूसरी बार विधायक चुने गए विक्रम सैनी को सजा हुई, जिसमें उनकी सदस्यता चली गई। इसके बाद दोबारा चुनाव का मैदान सज गया है। कहा कि पेशेवर अपराधी और माफिया राजनीति में शामिल होंगे तो आम जनता को जीना मुहाल कर देंगे। उत्तर प्रदेश में राजनीति का तुष्टिकरण भी नहीं होने देना है, आपराधिक प्रवृति के लोगों पर नियंत्रण करना जरूरी है। और जो कुछ बचेगा उसे हमारा बुल्डोजर पूरा कर देगा।
सीएम की जनसभा के दौरान निर्दलीय प्रत्याशी सुरेश देवी भी पहुंचीं। कवाल कांड में मारे गए गौरव की मां सुरेश देवी ने ने खतौली उपचुनाव में भाजपा को समर्थन दिया है।
आज भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी सैनी के समर्थन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खतौली में जनसभा करने के लिए पहुंचे हैं। चुनाव की आचार संहिता के चलते किसी घोषणा की उम्मीद नहीं है, लेकिन फिर भी गन्ना किसानों की निगाह सीएम के भाषण पर रहेगी। दूसरी बार मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद योगी आदित्यनाथ पहली बार जिले में पहुंच रहे हैं। गन्ना बेल्ट में भाव बढ़ाए जाने का मुद्दा बार-बार उठता रहता है।
दंगे में मारे गए गौरव की मां ने किया भाजपा का समर्थन
मुजफ्फरनगर में कवाल कांड में मारे गए गौरव की मां और खतौली उपचुनाव में प्रत्याशी सुरेश देवी ने भाजपा को समर्थन दे दिया है। खतौली उपचुनाव की सभा के मंच पर पहुंचकर गौरव के पिता रविंद्र सिंह ने समर्थन दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। गौरतलब है कि रविंद्र सिंह ने भाजपा का आरोप लगाते हुए चुनाव लड़ने की बात कही थी।
रालोद अध्यक्ष राज्यसभा सांसद जयंत सिंह भी आज खतौली से गठबंधन के प्रत्याशी मदन भैया के समर्थन में बुवाड़ा खुर्द, बुवाड़ा कलां, ताजपुर, सराय, नैना, दूदाहेड़ी, सोंटा, जोहरा समेत 13 गांव में जनसभा करेंगे। गन्ना किसानों के अलावा रालोद अध्यक्ष मजदूरों और युवाओं को रोजगार का मुद्दा उठा रहे हैं।
भाजपा का दामन थाम सकते हैं कई नेता
सियासी गलियों में यह भी चर्चा चल रही है कि कुछ नेता खतौली के मंच पर भाजपा का दामन भी थाम सकते हैं। इनमें पूर्व मंत्री धर्मसिंह सैनी का नाम भी शामिल था लेकिन आज सीएम के पहुंचने से पहले उनका मन बदल गया। खतौली में उप चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने के बाद से कई रालोद नेताओं सहित दूसरे दलों के नेता भाजपा में शामिल हो चुके हैं।