देहरादून:भाजपा ने एक बार फिर इतिहास दोहराया

विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा ने एक बार फिर इतिहास दोहराते हुए जनपद की दस विधानसभा सीटों में से नौ पर कब्जा जमाया है। 2017 विधानसभा चुनाव की भांति कांग्रेस के प्रीतम सिंह ही अपना दुर्ग बचा पाए हैं। यहां कांग्रेस के प्रत्याशी व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा के रामशरण नौटियाल को मात दी। अन्य नौ सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशियों को भारी अंतरों से हार का सामना करना पड़ा।


भाजपा ने 2017 का इतिहास दोहराते हुए दस सीटों में से नौ सीटों पर कब्जा जमाते हुए कांग्रेस को चारों खाने चित कर दिया। मतदान के दौरान सभी सीटों पर कांटे की टक्कर बताई जा रही थी, लेकिन भाजपा ने सभी नौ सीटों पर उम्मीदों के विपरीत प्रदर्शन करते हुए भारी अंतरों से जीत दर्ज की है। रायपुर सीट पर भाजपा के उमेश शर्मा काऊ ने पिछली बार की ही तरह सबसे अधिक मतों से जीत दर्ज की।

उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट को 29,994 मतों से शिकस्त दी। जबकि दूसरे नंबर पर जीत का अंतर डोईवाला विधानसभा सीट पर रहा। यहां भाजपा प्रत्याशी बृजभूषण गैरोला ने कांग्रेस के गौरव चौधरी को 28,891 मतों से मात दी। कैंट सीट पर भाजपा की सविता कपूर 20,938, ऋषिकेश से भाजपा प्रत्याशी प्रेमचंद्र अग्रवाल 19057, मसूरी सीट पर गणेश जोशी ने 15325, राजपुर सीट पर भाजपा के खजानदास ने 11163, धर्मपुर से भाजपा के विनोद चमोली ने 9055, सहसपुर में भाजपा के सहदेव पुंडीर ने 8244, विकासनगर में भाजपा के मुन्ना सिंह चौहान ने 5159 के अंतर से जीत दर्ज की।

कांग्रेस के प्रीतम सिंह ने चकराता सीट पर भाजपा के रामशरण नौटियाल को 9029 मतों के अंतर से पराजित किया। चुनाव में आप, उक्रांद, अन्य छोटे दलों का प्रदर्शन काफी खराब रहा। इनमें से कोई भी प्रत्याशी अपनी जमानत नहीं बचा पाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here