दुबई। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय हवाई उड़ानों पर असर पड़ा है, जिससे कई भारतीय स्टार्स दुबई में फंसे हुए हैं। इस बीच अभिनेत्री सोनल चौहान ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस और शुभचिंतकों को आश्वस्त किया कि वे पूरी तरह सुरक्षित हैं।

सोनल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में बताया कि दुबई की स्थिति अब नियंत्रण में है और सभी को घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने लिखा, "मुझे मैसेज करने और मेरा हालचाल पूछने वाले सभी लोगों का धन्यवाद। मैं सुरक्षित हूं और अधिकारियों द्वारा हर संभव प्रयास किया जा रहा है। कृपया घबराएं नहीं।"

अभिनेत्री ने विशेष रूप से कहा कि दुबई दुनिया के सबसे सुरक्षित स्थानों में से एक है और वहां हर किसी की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने सभी से अपील की कि पैनिक न फैलाएं और सभी सुरक्षित रहने के लिए प्रार्थना करें।

इससे पहले सोनल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सहायता मांगी थी ताकि उन्हें भारत सुरक्षित लौटने में मदद मिल सके। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा था, "प्रधानमंत्री जी, मैं दुबई में फंसी हुई हूं। उड़ानें रद्द हो गई हैं और भारत लौटने का कोई स्पष्ट रास्ता नहीं दिख रहा। मैं सरकार से मार्गदर्शन और मदद की उम्मीद करती हूं ताकि सुरक्षित घर लौट सकूं।"

याद दिला दें कि अमेरिका और इज़राइल के संयुक्त हमलों के बाद मिडिल ईस्ट में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। इस हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की भी मौत हुई है, और दोनों पक्षों के बीच सैन्य कार्रवाई अभी भी जारी है।