बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार के पतन के बाद देश में अल्पसंख्यक समुदायों के खिलाफ हिंसा की घटनाओं में तेज़ी देखी जा रही है। ह्यूमन राइट्स कांग्रेस फॉर बांग्लादेश माइनॉरिटीज (HRCBM) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जून से दिसंबर के बीच हिंदू समुदाय को निशाना बनाकर ईशनिंदा से जुड़े कम से कम 71 मामले दर्ज किए गए हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि इन घटनाओं का बड़ा हिस्सा सुनियोजित हमलों का संकेत देता है। हाल ही में मुस्लिम बहुल पीरोजपुर जिले के डुमरीताला गांव में एक हिंदू परिवार से जुड़े कम से कम पांच घरों में आगजनी की गई। मानवाधिकार संगठनों का मानना है कि यह घटना किसी व्यक्तिगत विवाद का नहीं, बल्कि अल्पसंख्यकों को डराने के उद्देश्य से किया गया हमला है।