लंदन/तेलंगाना। तेलंगाना के कामारेड्डी जिले के 25 वर्षीय छात्र एस. श्रीनाथ रेड्डी की लंदन में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह करीब 14 महीने पहले उच्च शिक्षा के लिए लंदन गए थे। घटना के बाद परिवार ने सरकार से उनके पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने में मदद की अपील की है।

मौत की परिस्थितियों पर अभी भी सस्पेंस

परिजनों के अनुसार, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि श्रीनाथ रेड्डी की मौत किन हालात में हुई। मृतक के पिता मधुसूदन रेड्डी ने बताया कि उन्हें घटना से जुड़ी पूरी जानकारी नहीं मिली है और उन्होंने केंद्र तथा राज्य सरकार से शव को जल्द वापस लाने की गुहार लगाई है।

आखिरी बार 22 जून को हुई थी बात

परिवार ने बताया कि 22 जून की रात उनकी श्रीनाथ से आखिरी बातचीत हुई थी, जो पूरी तरह सामान्य थी। उस दौरान उसने किसी भी तरह की परेशानी का जिक्र नहीं किया था। बताया जा रहा है कि उसी रात वह एक जन्मदिन समारोह में भी शामिल हुआ था।

आत्महत्या की आशंका, जांच जारी

परिवार के एक रिश्तेदार के मुताबिक, लंदन में रहने वाले एक रूममेट ने जानकारी दी कि 23 जून की सुबह श्रीनाथ अपने कमरे में मृत पाए गए। प्रारंभिक जानकारी में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। रूममेट ने यह भी बताया कि घटना की जानकारी कुछ समय बाद अन्य दोस्तों को दी गई।