तेज होते ईरानी हमलों के बीच मंगलवार को दुबई एयरपोर्ट के आसपास अचानक एयर रेड सायरन बजने लगे। यूएई की एयर डिफेंस सिस्टम ने ईरान से संभावित मिसाइल और ड्रोन हमलों की चेतावनी के बाद तुरंत सक्रियता दिखाते हुए यात्रियों और कर्मचारियों को सुरक्षित बम शेल्टर में पहुंचाया। इस दौरान कई यात्रियों ने अपनी सुरक्षा के लिए शेल्टर की ओर भागते हुए वीडियो भी बनाया, जिसमें खाली पड़े चेक-इन काउंटर दिखाई दिए।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट्स के अनुसार, आने वाली उड़ानें फुजैराह और अल-अइन के आसपास होल्डिंग पैटर्न में रही। करीब आधे घंटे के बाद एयरपोर्ट पर परिचालन सामान्य हुआ।
इस बीच, बहरीन एयरपोर्ट पर भी उसी समय सायरन बजने की सूचना मिली। वहीं, सोमवार को सऊदी अरब और कुवैत की सुरक्षा बलों ने आठ ईरानी ड्रोन intercept किए, जिनमें से दो ड्रोन सऊदी के पूर्वी क्षेत्र में तेल क्षेत्रों की ओर बढ़ रहे थे। पिछले सप्ताह भी ईरानी ड्रोन रास तनूरा रिफाइनरी को निशाना बना चुके थे।
शनिवार को दुबई एयरपोर्ट के पास एक ड्रोन क्रैश हुआ था, जिससे फ्लाइट संचालन कुछ समय के लिए रोक दिया गया था। ड्रोन के गिरने के दौरान कॉनकोर्स ए के पास धमाका हुआ और धुएं का गुबार उठ गया।
यूएई की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, युद्ध शुरू होने के बाद अब तक 221 बैलिस्टिक मिसाइलें और 1,300 से अधिक ड्रोन डिटेक्ट किए गए हैं। दुबई और अबू धाबी एयरपोर्ट के अलावा पाम जुमेराह और बुर्ज अल अरब जैसे सिविलियन क्षेत्रों पर भी हमले हुए हैं। यूएई एयर डिफेंस ने ज्यादातर हमलों को रोक दिया, लेकिन कुछ मलबा जमीन पर गिरने से नुकसान हुआ।