नई दिल्ली। शनिवार शाम अफगानिस्तान में आए भूकंप के झटकों का असर भारत समेत कई देशों में महसूस किया गया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, शाम करीब 7:05 बजे अफगानिस्तान के कालाफगन से लगभग 81 किलोमीटर दूर 5.7 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान सीमा के पास था, जबकि इसकी गहराई 192 किलोमीटर मापी गई।
गहराई अधिक होने के कारण इसके झटके व्यापक क्षेत्र में महसूस किए गए और इसका प्रभाव अफगानिस्तान, पाकिस्तान, ताजिकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान, उज्बेकिस्तान, चीन और किर्गिस्तान तक देखा गया।
भारत में जम्मू-कश्मीर, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में लोगों ने भूकंप के हल्के झटके महसूस किए। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, बारामुला, कुपवाड़ा और जम्मू में कंपन महसूस होते ही लोग एहतियातन घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। दिल्ली-एनसीआर और गुरुग्राम में भी कुछ सेकंड तक हल्का कंपन महसूस किया गया।
फिलहाल किसी भी क्षेत्र से जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।