दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग सोमवार को आधिकारिक राष्ट्रपति आवास चोंग वा डे पहुंचे। जून में राष्ट्रपति पद संभालने के बाद यह उनका पहला दौरा था। बीते तीन वर्षों से यह भवन उपयोग में नहीं था, क्योंकि पूर्व राष्ट्रपति यून सुक योल ने राष्ट्रपति कार्यालय को रक्षा मंत्रालय परिसर में स्थानांतरित कर दिया था।

ब्लू हाउस का ऐतिहासिक महत्व

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति का पारंपरिक आधिकारिक निवास ‘ब्लू हाउस’ देश के सबसे महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक स्थलों में गिना जाता है। 9 मई 2022 के बाद पहली बार किसी मौजूदा राष्ट्रपति ने इस परिसर का दौरा किया है। इसी दिन तत्कालीन राष्ट्रपति मून जे इन का कार्यकाल समाप्त हुआ था। उनके बाद सत्ता में आए यून सुक योल ने राष्ट्रपति भवन को रक्षा मंत्रालय की इमारत में स्थानांतरित करने का फैसला लिया था।

राजनीतिक घटनाक्रम के बाद सत्ता में आए ली जे म्युंग

दिसंबर 2024 में यून सुक योल पर देश में मार्शल लॉ लागू करने के आरोप लगे, जिसके बाद उन्हें पद से हटा दिया गया। इसके बाद हुए राष्ट्रपति चुनाव में ली जे म्युंग ने जीत हासिल कर देश की बागडोर संभाली।

रक्षा मंत्रालय में शिफ्ट हुआ था राष्ट्रपति कार्यालय

उत्तरी सियोल में स्थित ब्लू हाउस शहर की भीड़भाड़ से दूर एक पहाड़ी इलाके के नीचे बना है। करीब 62 एकड़ में फैला यह परिसर ऐतिहासिक जियोंगबोकगुंग पैलेस के पास स्थित है और जापानी शासन से आजादी के बाद से लंबे समय तक दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपतियों का आधिकारिक निवास रहा है।

यून सुक योल का तर्क था कि ब्लू हाउस आम जनता से दूर है और इसे अधिक लोकतांत्रिक बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रपति कार्यालय को रक्षा मंत्रालय परिसर में ले जाया गया। इस फैसले पर भारी खर्च को लेकर उनकी आलोचना भी हुई। उनके कार्यकाल में ब्लू हाउस को संग्रहालय का रूप देकर आम लोगों के लिए खोल दिया गया था।