पंजाब कैबिनेट का चौथा विस्तार आज, दो नए मंत्री लेंगे शपथ

पंजाब। उपचुनाव की जीत से उत्साहित आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार बुधवार को कैबिनेट में दो नए चेहरों को शामिल करने जा रही है। जालंधर के करतारपुर हलके से आप विधायक बलकार सिंह व लंबी से विधायक गुरमीत सिंह खुड्डियां मान सरकार के नए कैबिनेट मंत्री होंगे। वहीं, स्थानीय निकाय मंत्री डॉ इंद्रबीर सिंह निझर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। 

उन्होंने इस्तीफे के पीछे व्यक्तिगत कारण बताया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने मंगलवार को कैबिनेट विस्तार के लिए राज्यपाल से समय मांगा गया था। राजभवन की ओर से स्वीकृति मिलने के बाद सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण समारोह का समय तय किया गया है। समारोह में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल भी शिरकत करेंगे।

बलकार सिंह करतारपुर विधानसभा हलके का प्रतिनिधित्व करते हैं, जहां से जालंधर लोकसभा उपचुनाव में सबसे अधिक 13 हजार मतों की आप आदमी पार्टी को लीड मिली थी। वहीं, गुरमीत सिंह खुड्डियां ने 2022 के विधानसभा चुनाव में दिवंगत नेता प्रकाश सिंह बादल को शिकस्त दी थी। बलकार सिंह पूर्व डीसीपी हैं और जम्मू कश्मीर में आप के इंचार्ज भी हैं। वह खाली पड़े मंत्री फौजा सिंह सरारी का स्थान लेंगे।

तीन मंत्रियों की खाली है जगह
मान सरकार के मंत्रिमंडल में 18 मंत्री बनाए जा सकते हैं। मान समेत इस समय 15 मंत्री हैं, जबकि तीन मंत्रियों की जगह खाली है। मंत्रिमंडल में दो मंत्रियों को कैबिनेट में जगह देने के बाद भी एक सीट बची रहेगी।

सरकार का चौथा विस्तार
पंजाब कैबिनेट का यह चौथा विस्तार है। 22 मार्च को कैबिनेट का गठन हुआ था। इसमें 10 मंत्रियों को शामिल किया गया था। दूसरा विस्तार पिछले साल चार जुलाई को हुआ। तीसरा विस्तार इसी साल सात जनवरी को हुआ था, जिसमें चेतन सिंह जौड़ामाजरा की जगह डॉ. बलबीर सिंह को स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया था।

सीएम हाउस पर डिनर की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मंगलवार को शहर में आएंगे। सूत्रों से पता चला है कि शपथ समारोह के बाद सीएम हाउस में पार्टी के विधायकों, मंत्रियों और सांसदों के लिए डिनर का इंतजाम भी किया गया है। जहां पर वह पार्टी नेताओं से मुलाकात करेंगे। साथ ही दिल्ली सरकार के खिलाफ केंद्र सरकार की ओर से लाए गए अध्यादेश के खिलाफ रणनीति बनाई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here