स्वतंत्रता दिवस 2025 के अवसर पर देश के उन बहादुर और समर्पित कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने ड्यूटी के दौरान साहस और उत्कृष्ट सेवा का परिचय दिया है। गृह मंत्रालय ने घोषणा की है कि इस वर्ष पुलिस, अग्निशमन, होम गार्ड, सिविल डिफेंस और सुधार सेवाओं से जुड़े कुल 1,090 कर्मियों को वीरता और सेवा पदक प्रदान किए जाएंगे।
233 कर्मियों को मिलेगा वीरता पदक
गृह मंत्रालय के अनुसार, 233 कर्मियों को ‘गैलंट्री मेडल’ (GM) से नवाजा जाएगा, जिनमें 226 पुलिस, छह अग्निशमन और एक होम गार्ड एवं सिविल डिफेंस के सदस्य शामिल हैं। यह सम्मान उन लोगों को दिया जाता है जिन्होंने जीवन और संपत्ति की रक्षा, अपराध रोकथाम या अपराधियों को पकड़ने में असाधारण साहस दिखाया है। इस साल सम्मान पाने वालों में 152 जम्मू-कश्मीर, 54 नक्सल प्रभावित क्षेत्रों, तीन पूर्वोत्तर और 24 अन्य क्षेत्रों के कर्मी शामिल हैं।
99 कर्मियों को मिलेगा राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक
विशेष उत्कृष्ट सेवा के लिए 99 कर्मियों को ‘प्रेसिडेंट मेडल फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस’ (PSM) प्रदान किया जाएगा। इनमें 89 पुलिस, पांच अग्निशमन, तीन सिविल डिफेंस व होम गार्ड और दो सुधार सेवा से जुड़े कर्मी शामिल हैं, जिन्होंने अपने कर्तव्यों का पालन ईमानदारी और उच्च पेशेवर मानकों के साथ किया है।
758 कर्मियों को सराहनीय सेवा पदक
कर्तव्यनिष्ठा और संसाधनशीलता के लिए 758 कर्मियों को ‘मेरीटोरियस सर्विस मेडल’ (MSM) से सम्मानित किया जाएगा। इनमें 635 पुलिस, 51 अग्निशमन, 41 सिविल डिफेंस व होम गार्ड और 31 सुधार सेवा के कर्मी शामिल हैं।
जोखिम वाले इलाकों के कर्मियों को विशेष मान्यता
इस साल जम्मू-कश्मीर, नक्सल प्रभावित इलाकों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात सुरक्षा बलों को विशेष मान्यता दी गई है। इन क्षेत्रों में ड्यूटी निभाना अत्यधिक जोखिम भरा होता है, क्योंकि यहां आतंकवादी हमलों, उग्रवादी गतिविधियों और अन्य सुरक्षा चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।