जालंधर के कई स्कूलों को सोमवार सुबह बम धमकी के ई-मेल भेजे गए, जिससे बच्चों और अभिभावकों में चिंता का माहौल बन गया। सुबह करीब 8 बजे स्कूल खुलते ही डीपीएस स्कूल, मेयर वर्ल्ड स्कूल और एमजीएन स्कूल को ई-मेल के जरिए धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। संदेश में आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए लिखा गया, “अपने बच्चों को बचाओ…”
प्रतिक्रिया और सुरक्षा बढ़ाई गई
स्कूल प्रशासन और जिला अधिकारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीमों ने स्कूल परिसर की पूरी जांच शुरू कर दी और सुरक्षा कड़ी कर दी। शुरुआती तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, लेकिन क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, धमकी ई-मेल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को चुनौती देने की बातें भी शामिल थीं। इसमें 14 अप्रैल तक डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं को हटाने की चेतावनी दी गई, हालांकि लिखा गया कि बच्चों से किसी तरह का बैर नहीं है।
पुलिस की साइबर टीम ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच चल रही है। पिछले कुछ समय में शहर के स्कूलों को इस तरह की धमकियां मिलती रही हैं, जिनमें अधिकांश अफवाह या शरारत पाई गई थी।
फिरोजपुर कोर्ट में भी मिली धमकी
फिरोजपुर कोर्ट कंप्लेक्स को भी बम धमकी मिलने के कारण दोपहर दो बजे तक कामकाज बंद कर दिया गया। पुलिस ने कोर्ट खाली करवा कर तलाशी शुरू कर दी।
अमृतसर में स्कूल और सरकारी दफ्तरों पर हाई अलर्ट
अमृतसर के कई स्कूल और सरकारी कार्यालय भी बम धमकी ईमेल के चलते अलर्ट मोड में आ गए। पुलिस ने संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी और व्यापक जांच अभियान शुरू किया।
डीसीपी विजय आलम सिंह ने बताया कि सभी प्रभावित स्कूलों और दफ्तरों में तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक टीमों को तैनात किया गया। शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
साइबर सेल ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। टीम ई-मेल आईडी, आईपी एड्रेस और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि संदेश कहां से और किस मकसद से भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि एक संदिग्ध की पहचान हो गई है, जिसे दूसरे राज्य से लाने की प्रक्रिया जारी है। पूछताछ के बाद ही स्पष्ट होगा कि इस धमकी के पीछे उसका मकसद क्या था और क्या कोई अन्य व्यक्ति इसमें शामिल था। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और शहर के प्रमुख स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।