ऑपरेशन सिंदूर के नायकों को मिलेगा गैलेंट्री मेडल

देश की रक्षा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले बहादुर जवानों को इस स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। केंद्र सरकार ने 79वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर घोषणा की है कि सीमा सुरक्षा बल (BSF) के 16 जवानों को वीरता, अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा के लिए गैलेंट्री मेडल प्रदान किया जाएगा।

ये सभी जवान पाकिस्तान के खिलाफ चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में शामिल थे। इस दौरान किसी ने दुश्मन के निगरानी कैमरे नष्ट किए तो किसी ने ड्रोन हमलों को नाकाम किया। BSF, 2,290 किमी लंबी भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा की रक्षा करती है और पश्चिमी मोर्चे पर सेना के साथ तैनात रहती है। बल ने इन जवानों को “सीमा प्रहरियों” की मिसाल बताते हुए उनके दृढ़ संकल्प और साहस की सराहना की।

वायु सेना के चार अधिकारियों को सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक

ऑपरेशन सिंदूर में विशेष भूमिका निभाने पर वाइस चीफ ऑफ एयर स्टाफ एयर मार्शल नरनादेश्वर तिवारी, वेस्टर्न एयर कमांडर एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा, डीजी एयर ऑपरेशंस एयर मार्शल अवधेश भारती समेत चार अधिकारियों को सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक मिलेगा। सेना के चार अधिकारियों को कीर्ति चक्र और आठ को शौर्य चक्र से सम्मानित किया जाएगा।

नौसेना के अधिकारियों को भी सम्मान

पूर्व पश्चिमी नौसेना कमांडर वाइस एडमिरल एसजे सिंह को सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक, नौसेना उप प्रमुख वाइस एडमिरल तरुण सोबती को उत्तम युद्ध सेवा पदक और महानिदेशक नौसेना ऑपरेशन वाइस एडमिरल एएन प्रमोद को युद्ध सेवा पदक से नवाजा जाएगा।

13 वायुवीरों को युद्ध सेवा पदक

भारतीय वायु सेना के 13 अधिकारियों को सटीक हमलों और वायु क्षेत्र की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान के लिए युद्ध सेवा पदक मिलेगा। इनमें एयर वाइस मार्शल जोसेफ सुआरेस, एवीएम प्रजुअल सिंह और एयर कमोडोर अशोक राज ठाकुर शामिल हैं।

26 अधिकारियों और वायुसैनिकों को वायु सेना पदक

26 अधिकारियों और वायुसैनिकों को वायु सेना पदक (वीरता) से सम्मानित किया जाएगा। इनमें वे पायलट भी हैं जिन्होंने पाकिस्तान में लक्ष्यों पर हमले किए और वे अधिकारी-सैनिक भी शामिल हैं जिन्होंने एस-400 व अन्य वायु रक्षा प्रणालियों से पाकिस्तानी हमलों को विफल किया।

नौ वायुवीरों को वीर चक्र

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान मुरीदके और बहावलपुर में आतंकी ठिकानों व पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर हमले करने वाले नौ लड़ाकू पायलटों को वीर चक्र प्रदान किया जाएगा। इस कार्रवाई में भारतीय वायु सेना ने कम से कम छह पाकिस्तानी विमान मार गिराए थे।

CBI अधिकारियों को भी पदक

इसी अवसर पर 21 CBI अधिकारियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक और पुलिस मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस से सम्मानित किया जाएगा।

कुल 1,090 पुलिस पदक

गृह मंत्रालय के अनुसार, इस बार 1,090 पुलिस कर्मियों को विभिन्न श्रेणियों में पदक मिलेंगे, जिनमें केंद्रीय और राज्य बलों के जवान, अग्निशमन, होम गार्ड, सिविल डिफेंस और सुधार सेवाओं के कर्मी शामिल हैं।

  • गैलेंट्री मेडल (GM): 233
  • राष्ट्रपति पुलिस पदक विशिष्ट सेवा (PSM): 99
  • पुलिस मेडल मेधावी सेवा (MSM): 758

गैलेंट्री मेडल का बंटवारा

  • जम्मू-कश्मीर ऑपरेशन – 152
  • नक्सल विरोधी अभियान – 54
  • पूर्वोत्तर ड्यूटी – 3
  • अन्य क्षेत्रों – 24
  • अग्निशमन सेवा – 4
  • होम गार्ड व सिविल डिफेंस – 1

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here