असम के जोरहाट स्थित वायुसेना स्टेशन पर बुधवार को भारतीय वायुसेना (IAF) का एक AN-32 परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जानकारी के मुताबिक यह हादसा उस समय हुआ जब विमान एयरफील्ड पर लैंडिंग की कोशिश कर रहा था।

वायुसेना अधिकारियों ने बताया कि AN-32 विमान एयरफोर्स स्टेशन के परिसर के भीतर ही क्रैश हो गया, जिसके तुरंत बाद उसमें आग लग गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल आपातकालीन टीमों को मौके पर भेजा गया। राहत एवं बचाव दल आग पर काबू पाने और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे रहे।

फिलहाल इस हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। साथ ही किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान को लेकर भी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है।

भारतीय वायुसेना ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं की जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएंगे। वायुसेना की ओर से यह भी बताया गया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जैसे ही नई जानकारी मिलेगी, उसे साझा किया जाएगा।