दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद हाउस में सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और सेशेल्स के बीच सहयोग और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति हर्मिनी ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात की, जिसमें प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के मधुर संबंधों और साझेदारी को रेखांकित किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति हर्मिनी को सेशेल्स का राष्ट्रपति चुने जाने पर 1.4 अरब भारतीयों की ओर से हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति हर्मिनी की यह भारत यात्रा उनके पद ग्रहण के बाद की पहली यात्रा है।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और सेशेल्स का संबंध न केवल ऐतिहासिक रूप से मजबूत है, बल्कि वर्तमान और भविष्य में भी इसे और सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने सेशेल्स को भारत का समुद्री पड़ोसी और भरोसेमंद साथी बताते हुए कहा कि भारत के महासागर दृष्टिकोण में सेशेल्स की भूमिका अहम है। साथ ही, उन्होंने जोर देकर कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग अब जमीन, समुद्र और वायु तीनों क्षेत्रों में निरंतर बढ़ रहा है।