पश्चिम एशिया में ईरान, इज़राइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारत सरकार ने ईरान से अपने नागरिकों की बड़े पैमाने पर सुरक्षित निकासी अभियान शुरू कर दिया है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने नई दिल्ली में आयोजित अंतर-मंत्रालयीय ब्रीफिंग में जानकारी देते हुए कहा कि अब तक ईरान से 1,200 से अधिक भारतीय नागरिकों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाला जा चुका है। इनमें 845 छात्र शामिल हैं।

जायसवाल ने बताया कि कुल 1,200 भारतीयों में से 996 को आर्मेनिया और 204 को अज़रबैजान भेजा गया है। भारतीय मिशनों और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर विदेश मंत्रालय इन नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित कर रहा है। ट्रांजिट के दौरान उन्हें हर तरह की सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाएँ पूरी कर दी गई हैं।