एयर इंडिया हादसे में अंतिम पीड़ित की पहचान, कुल 260 शवों की हो चुकी पुष्टि

अहमदाबाद में हुए भयावह विमान हादसे को लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आई है। हादसे के 15 दिन बाद अधिकारियों ने डीएनए जांच के माध्यम से अंतिम अज्ञात शव की पहचान कर ली है। इसके साथ ही इस दुर्घटना में अब तक कुल 260 मृतकों की पुष्टि हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पहचान के बाद मृतक का पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया है। शुरुआती रिपोर्टों में मृतकों की संख्या 270 बताई गई थी।

क्या था हादसा?

यह हादसा 12 जून को हुआ था, जब एयर इंडिया की उड़ान AI171 लंदन के लिए रवाना हो रही थी। टेकऑफ के कुछ समय बाद विमान शहर के मेघाणीनगर क्षेत्र में स्थित एक हॉस्टल परिसर पर गिर पड़ा। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि फ्लाइट में सवार 241 लोगों की जान चली गई, वहीं जमीन पर मौजूद 19 लोग भी मारे गए। इस दुर्घटना में एकमात्र जीवित बचने वाले व्यक्ति की पहचान 40 वर्षीय ब्रिटिश नागरिक विश्वास कुमार रमेश के रूप में हुई है।

260 मृतकों में किनकी पहचान हुई?

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, मृतकों में 200 भारतीय नागरिक (जिनमें से 181 यात्री और 19 स्थल पर मौजूद लोग थे), 52 ब्रिटिश नागरिक, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक शामिल हैं।

डीएनए जांच ने किया पहचान में मदद

कई शव आग में बुरी तरह जल चुके थे, जिससे पारंपरिक तरीके से पहचान करना कठिन हो गया था। ऐसे मामलों में मृतकों की पहचान उनके परिजनों के डीएनए नमूनों से मिलान कर की गई। आमतौर पर ऐसी जांचों में लंबा समय लग जाता है, लेकिन इस मामले में सभी शवों की पहचान दो सप्ताह के भीतर पूरी कर ली गई।

घायलों का इलाज जारी

सिविल अस्पताल अहमदाबाद के अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी के अनुसार, फिलहाल हादसे में घायल तीन लोगों का इलाज चल रहा है। यह दुर्घटना न केवल गुजरात बल्कि पूरे देश और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को गहरे सदमे में डाल गई। अब तक सभी मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंपे जा चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here