नई दिल्ली। उत्तर और मध्य भारत के बड़े हिस्से में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। एनसीआर समेत कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने भीषण गर्मी से राहत दी, लेकिन कई जगहों पर तेज हवाओं ने जनजीवन और बुनियादी ढांचे को भी प्रभावित किया।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया।
एनसीआर में तेज आंधी, भारी नुकसान
नोएडा और गाजियाबाद में लगभग 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली धूलभरी आंधी ने व्यापक नुकसान पहुंचाया। कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जबकि एक निर्माण स्थल पर काम कर रहे श्रमिक की मौत हो गई।
हरियाणा में हादसा, पुलिसकर्मी घायल
हरियाणा में धूलभरी आंधी और बारिश के दौरान शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के काफिले की पायलट गाड़ी पर बिजली का खंभा गिर गया, जिससे चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।
कई राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि
पंजाब के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई। हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी और कांगड़ा क्षेत्रों में ओलावृष्टि से सेब, मटर, टमाटर और अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा।
उत्तराखंड के देहरादून, मसूरी समेत कई इलाकों में अंधड़ और बारिश देखने को मिली। राज्य के आठ जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
जम्मू-कश्मीर और यूपी में बदला मौसम
जम्मू-कश्मीर में दोपहर बाद मौसम तेजी से बदला और कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। कुछ स्थानों पर टिन की छतें उड़ने और पेड़ों से फल गिरने की भी खबरें आईं।
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में बादल और बूंदाबांदी के साथ तेज हवाएं चलीं, जबकि लखनऊ और मध्य यूपी में गर्मी का असर बना रहा। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई है।
राजस्थान, एमपी और छत्तीसगढ़ में भी असर
राजस्थान में धूलभरी हवाओं का दौर जारी रहा। श्रीगंगानगर में 60 किमी प्रति घंटे तक की हवाएं दर्ज की गईं, जबकि बीकानेर सबसे गर्म रहा।
मध्य प्रदेश में भोपाल, श्योपुर, विदिशा और हरदा सहित कई जिलों में 70 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं और बारिश हुई। छत्तीसगढ़ में भी प्री-मानसून गतिविधियां तेज रहीं और कई जिलों में वज्रपात और बारिश का अलर्ट जारी किया गया।
दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित
दिल्ली-एनसीआर में धूलभरी आंधी और बारिश के कारण विजिबिलिटी बेहद कम हो गई, जिससे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन प्रभावित हुआ।
करीब एक दर्जन फ्लाइट्स को दूसरे शहरों की ओर डायवर्ट करना पड़ा, जबकि कई उड़ानें 1 से 2 घंटे तक विलंबित रहीं। अंतरराष्ट्रीय और घरेलू दोनों श्रेणी की उड़ानों पर असर पड़ा।
बैंकॉक, फुकेट और मस्कट से आने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लखनऊ, जयपुर और चंडीगढ़ की ओर मोड़ना पड़ा। वहीं मुंबई, गोवा, कोलकाता, पुणे, जम्मू, प्रयागराज, पूर्णिया और अमृतसर से आने वाली घरेलू उड़ानें भी डायवर्ट हुईं।