बेंगलुरु स्थित PES यूनिवर्सिटी में एक प्रोफेसर पर क्लास के दौरान मुस्लिम छात्र के खिलाफ अपमानजनक और सांप्रदायिक टिप्पणियां करने का आरोप लगा है। छात्रों का कहना है कि प्रोफेसर ने उस छात्र को ‘आतंकवादी’ कहकर ईरान युद्ध के लिए जिम्मेदार ठहराया और नरक में जाने की धमकी भी दी।

घटना कैसे हुई

जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार को हुई, जब छात्र अफ्फान ने कक्षा से बाहर जाने की अनुमति मांगी। आरोप है कि इसी दौरान प्रोफेसर डॉ. मुरलीधर देशपांडे ने छात्र को पूरी क्लास के सामने अपमानित किया।

वीडियो वायरल, छात्रों में आक्रोश

क्लास में मौजूद छात्रों द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो में देखा गया कि प्रोफेसर ने काफी आक्रामक तरीके से छात्र को ‘आतंकवादी’ कहा और चिल्लाते हुए टिप्पणी की –
"शर्म नहीं आती, तुमको… आतंकवादी, मैंने सोचा था कि मैं आज बहुत शांत रहूंगा।"

वीडियो वायरल होने के बाद यूनिवर्सिटी में छात्रों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

ईरान युद्ध के लिए जिम्मेदार ठहराया

एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, विवाद तब और बढ़ गया जब प्रोफेसर ने छात्र को ईरान युद्ध के लिए ‘उस जैसे लोगों’ को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आकर छात्र को ले जाएंगे और वह ‘नरक में जाएगा’।

यूनिवर्सिटी और NSUI की प्रतिक्रिया

घटना के बाद NSUI ने प्रोफेसर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। यूनिवर्सिटी ने जांच पूरी होने तक प्रोफेसर को सस्पेंड कर दिया है और छात्रों के साथ संवाद स्थापित करने के लिए प्रशासन सक्रिय है।